

तलवार लेकर हत्या की नीयत से पहुंचा कादिर गिरफ्तार, कार पर किया था हमला; एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर रुद्रपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई


रुद्रपुर। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए उधम सिंह नगर पुलिस ने हत्या की नीयत से तलवार लेकर दहशत फैलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार भी बरामद हुई है। पुलिस ने मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी हैं।
जानकारी के अनुसार 1 जून 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक तलवार लहराते हुए वाहन पर हमला कर रहा था और क्षेत्र में भय का माहौल बना रहा था। वीडियो सामने आने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने तत्काल मामले का संज्ञान लेते हुए क्षेत्राधिकारी नगर विभव सैनी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस जांच में पता चला कि घटना रम्पुरा चौकी क्षेत्र के प्रीत विहार की है। यहां रहने वाले रेहान पुत्र मोहम्मद अहमद का अपने रिश्तेदार कादिर निवासी रेशमबाड़ी के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते कादिर तलवार लेकर रेहान के घर पहुंचा था। पुलिस के अनुसार आरोपी का उद्देश्य रेहान पर जानलेवा हमला करना था, लेकिन रेहान ने सीसीटीवी कैमरों में उसे देख लिया और मुख्य गेट नहीं खोला।
अपने इरादों में असफल रहने पर आरोपी ने गुस्से में घर के बाहर खड़ी कार पर तलवार से हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया, जबकि उसकी इस हरकत से कॉलोनी में दहशत का माहौल बन गया।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली रुद्रपुर में एफआईआर संख्या 273/2026 दर्ज की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की।
3 जून 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी कादिर एक बार फिर तलवार लेकर ब्लॉक रोड क्षेत्र में घूम रहा है और पीड़ित की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से घटना में प्रयुक्त तलवार बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कादिर पुत्र शब्बीर, निवासी वार्ड नंबर-13, रेशमबाड़ी, थाना रुद्रपुर, जनपद उधम सिंह नगर, उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले, आमजन में भय और दहशत फैलाने वाले तथा समाज की शांति भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि उधम सिंह नगर पुलिस अपराधियों के विरुद्ध पूरी दृढ़ता और प्रतिबद्धता के साथ कार्रवाई कर रही है और आगे भी इसी तरह सख्ती जारी
