“नशा मुक्त उत्तराखंड” अभियान के तहत आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब और भट्टियाँ नष्ट, एक गिरफ्तार

खबरें शेयर करें -

“नशा मुक्त उत्तराखंड” अभियान के तहत आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब और भट्टियाँ नष्ट, एक गिरफ्तार

खबर संवाद- पुष्पा मौर्या

रुद्रपुर, 12 नवंबर 2025 —

आबकारी आयुक्त उत्तराखण्ड के निर्देशन एवं जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में “नशा मुक्त उत्तराखंड” अभियान के तहत आबकारी विभाग ऊधम सिंह नगर द्वारा आज जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया।

रुद्रपुर क्षेत्र तथा जनपदीय परिवर्तन दल की संयुक्त कार्रवाई में ग्राम रायपुर भट्टे के समीप आबकारी निरीक्षक श्री सोनू सिंह व श्री बृजेश जोशी मय स्टाफ द्वारा अवैध भट्टियों पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान चार चलती हुई भट्टियाँ मौके पर नष्ट की गईं, लगभग 180 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई तथा करीब 14,000 किलोग्राम लहन नष्ट किया गया।

 

इसी क्रम में खटीमा क्षेत्र में आबकारी टीम द्वारा सुभाष सिंह पुत्र मुंशी सिंह, निवासी नदन्ना, खटीमा को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से एक प्लास्टिक कट्टे में 20 पाउचों में लगभग 10 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। अभियुक्त के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

 

विभाग जनसहयोग, प्राप्त सूचनाओं एवं जनभावना को प्राथमिकता देते हुए त्वरित एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित कर रहा है। जनपद में अवैध शराब के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।