ट्रांजिट कैंप में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: दो गिरफ्तार, सैकड़ों पाउच अवैध शराब बरामद।

खबरें शेयर करें -
  1. ट्रांजिट कैंप में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: दो गिरफ्तार, सैकड़ों पाउच अवैध शराब बरामद

खबर संवाद- पुष्पा देवी मौर्य

रुद्रपुर (ऊधमसिंहनगर), 11 नवंबर 2025:

“ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के अंतर्गत आबकारी विभाग द्वारा जनपद ऊधमसिंहनगर में अवैध शराब के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में आज रुद्रपुर के ट्रांजिट थाना क्षेत्र में आबकारी टीम ने दबिश देकर बड़ी मात्रा में अवैध कच्ची शराब बरामद की और दो लोगों को गिरफ्तार किया।

 

हाल ही में परशुराम चौक क्षेत्र में अतिक्रमण अभियान के दौरान अवैध शराब की मौजूदगी सामने आने के बाद जनमानस में चिंता व्यक्त की गई थी। इस पर जनभावना को गंभीरता से लेते हुए आबकारी विभाग ने विशेष रणनीति के तहत क्षेत्र में चिन्हित स्थलों पर अभियान चलाया।

 

आबकारी आयुक्त के निर्देशन में सोनू सिंह, आबकारी निरीक्षक रुद्रपुर के नेतृत्व में गठित दबिश टीम ने ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में छापेमारी की।

टीम को सूचना मिली थी कि हरीश थापा उर्फ कांचा नामक व्यक्ति के ठिकाने पर अवैध शराब बनाई और बेची जा रही है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए जी ब्लॉक, परशुराम चौक स्थित एक आवासीय परिसर में छापा मारा गया। मौके से 350 पाउच (500 एमएल) और 100 पाउच (250 एमएल) कच्ची शराब बरामद हुई। टीम ने मौके से अभियुक्त निर्मल पुत्र मन बहादुर, निवासी जी ब्लॉक, परशुराम चौक, थाना ट्रांजिट कैंप को गिरफ्तार किया।

 

इसके अलावा, कल के प्रकरण में जिन व्यक्तियों के नाम सामने आए थे, उनमें से मोंटू राय के पुत्र आलोक राय को भी मौके से 50 पाउच कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।

 

दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध उत्तराखंड आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में अवैध शराब के विरुद्ध यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

 

 

🗣️ आबकारी विभाग का संदेश:

“जनसहयोग और सूचना ही हमारी ताकत है। जनभावना को प्राथमिकता देते हुए चिन्हीकरण कर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”