रेनू गंगवार पर आरोपों के बीच पति सुरेश गंगवार का बड़ा पलटवार, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, जीशान मलिक और प्रकाश धामी हत्याकांड के आरोपी पर साधा निशाना, परिवार की सुरक्षा पर जताया खतरा, खुफिया तंत्र पर उठाए सवाल, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात करेंगे

खबरें शेयर करें -

रेनू गंगवार पर आरोपों के बीच पति सुरेश गंगवार का बड़ा पलटवार, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, जीशान मलिक और प्रकाश धामी हत्याकांड के आरोपी पर साधा निशाना, परिवार की सुरक्षा पर जताया खतरा, खुफिया तंत्र पर उठाए सवाल, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात करेंगे
रुद्रपुर। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रेनू गंगवार पर लगाए जा रहे आरोपों के बीच उनके पति सुरेश गंगवार ने सोमवार को प्रेस वार्ता कर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने पूरे मामले को राजनीतिक साजिश करार देते हुए कहा कि उनके परिवार को बदनाम करने का सुनियोजित प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, बाजपुर निवासी जीशान मलिक तथा इशारों-इशारों में प्रकाश धामी हत्याकांड के आरोपी का नाम लिए बिना गंभीर आरोप लगाए और कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
सुरेश गंगवार ने कहा कि उनकी पत्नी रेनू गंगवार की राजनीतिक छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से लगातार आरोप लगाए जा रहे हैं। उनका दावा है कि जिन लोगों द्वारा आरोप लगाए जा रहे हैं, उनके अपने आपराधिक और विवादित संबंधों की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक लाभ लेने के लिए झूठे और मनगढ़ंत आरोपों का सहारा ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से उनके परिवार पर लगातार मानसिक दबाव बनाया जा रहा है और ऐसी परिस्थितियां पैदा की जा रही हैं जिससे परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। सुरेश गंगवार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उन्हें और उनके परिवार को जान-माल का खतरा है। यदि उनके परिवार के किसी भी सदस्य के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी उन लोगों की होगी जिन पर उन्होंने आरोप लगाए हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान सुरेश गंगवार ने राज्य के खुफिया तंत्र की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं और सुरक्षा को लेकर आशंका बनी हुई है तो संबंधित एजेंसियों को इस मामले का स्वतः संज्ञान लेना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि सुरक्षा संबंधी मामलों में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई गई, जिससे कई सवाल खड़े होते हैं।
उन्होंने कहा कि यह केवल उनके परिवार का मामला नहीं बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और राजनीतिक मर्यादाओं से भी जुड़ा विषय है। यदि किसी व्यक्ति या परिवार को राजनीतिक कारणों से निशाना बनाया जाता है तो यह लोकतंत्र के लिए चिंताजनक स्थिति है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके।
सुरेश गंगवार ने यह भी घोषणा की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए वह जल्द ही केंद्रीय अमित शाह तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष **नितिन नवीन> से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि दोनों शीर्ष नेताओं को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया जाएगा और परिवार की सुरक्षा, निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की जाएगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व पूरे मामले को गंभीरता से लेगा और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि वह कानून और न्यायपालिका पर पूरा भरोसा रखते हैं तथा किसी भी जांच में सहयोग करने के लिए तैयार हैं। प्रेस वार्ता के अंत में उन्होंने दोहराया कि उनका परिवार किसी भी प्रकार के दबाव में आने वाला नहीं है और सत्य सामने लाने के लिए हर संवैधानिक एवं कानूनी कदम उठाया जाएगा।