बिना स्थलीय सत्यापन के दाखिल-खारिज और प्रमाण-पत्रों की रिपोर्ट नहीं: डीएम नितिन सिंह भदौरिया के सख्त निर्देश

बिना स्थलीय सत्यापन के दाखिल-खारिज और प्रमाण-पत्रों की रिपोर्ट नहीं: डीएम नितिन सिंह भदौरिया के सख्त निर्देश
रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने लेखपालों और पटवारियों को निर्देश दिए हैं कि बिना स्थलीय सत्यापन किए दाखिल-खारिज अथवा किसी भी ऐसे प्रमाण-पत्र के लिए रिपोर्ट प्रस्तुत न की जाए, जिसमें आवेदक की वास्तविक स्थिति का मौके पर सत्यापन आवश्यक हो।
डीएम ने कहा कि संज्ञान में आया है कि कुछ मामलों में लेखपाल एवं पटवारी द्वारा दाखिल-खारिज के साथ-साथ जाति, स्थायी निवास, आय और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) प्रमाण-पत्रों के लिए अपेक्षित स्थलीय सत्यापन किए बिना ही रिपोर्ट प्रस्तुत की जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रक्रिया से गलत दाखिल-खारिज होने के साथ भूमि संबंधी विवाद और अनियमितताएं बढ़ सकती हैं। वहीं, प्रमाण-पत्रों के मामलों में सत्यापन के अभाव में अपात्र व्यक्तियों को प्रमाण-पत्र जारी होने तथा फर्जी प्रमाण-पत्र बनने की संभावना भी बनी रहती है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि दाखिल-खारिज और ऐसे सभी प्रमाण-पत्रों के मामलों में संबंधित लेखपाल अथवा पटवारी अनिवार्य रूप से मौके पर जाकर स्थलीय सत्यापन करें। उन्होंने कहा कि स्थलीय सत्यापन को केवल औपचारिकता न बनाया जाए, बल्कि उसकी डिजिटल रूप से सत्यापन योग्य प्रमाणिकता भी सुनिश्चित की जाए।
इसके लिए मौके से फोटोग्राफ लेकर उन्हें संबंधित पत्रावली अथवा ऑनलाइन आवेदन से संबद्ध करने के निर्देश दिए गए हैं। फोटो में यथासंभव स्थल की पहचान स्पष्ट होने के साथ फोटो लिए जाने की तारीख और समय भी उपलब्ध रहना चाहिए।
डीएम ने भविष्य में ऐसी व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया, जिसमें स्थलीय निरीक्षण के दौरान GPS/Geo Coordinates अथवा अन्य तकनीकी माध्यमों से निरीक्षण स्थल की वास्तविक स्थिति का सत्यापन किया जा सके। इससे यह सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी कि संबंधित कर्मचारी वास्तव में मौके पर पहुंचकर निरीक्षण कर रहा है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी दी कि जहां स्थलीय सत्यापन आवश्यक है, वहां बिना मौके पर जांच किए रिपोर्ट प्रस्तुत न की जाए। व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राजस्व अधिकारियों द्वारा समय-समय पर पर्यवेक्षण और आकस्मिक जांच भी कराई जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
#Rudrapur #UdhamSinghNagar #DM #NitinSinghBhadauria #दाखिलखारिज #RevenueDepartment #प्रमाणपत्र #स्थलीयसत्यापन #Uttarakhand #@Followers