नैनीताल में विजिलेंस का बड़ा ट्रैप, 30 हजार की कथित रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार

नैनीताल में विजिलेंस का बड़ा ट्रैप, 30 हजार की कथित रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार
नैनीताल। भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने 26 सितंबर को धारी तहसील क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पटवारी निर्मल बोरा को कथित तौर पर 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोप है कि पटवारी ने मौड़ा गांव में जमीन की पैमाइश के नाम पर शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
जानकारी के मुताबिक शिकायतकर्ता अपनी भूमि की पैमाइश कराने के लिए पटवारी निर्मल बोरा के पास पहुंचा था। आरोप है कि पैमाइश की कार्रवाई के एवज में उससे 30 हजार रुपये की मांग की गई। इसके बाद शिकायतकर्ता ने मामले की शिकायत सतर्कता अधिष्ठान की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 पर की।
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने मामले की गोपनीय जांच की। शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद टीम ने ट्रैप की योजना तैयार की। 26 सितंबर को शिकायतकर्ता तय रकम लेकर पटवारी के पास पहुंचा। जैसे ही कथित तौर पर 30 हजार रुपये की रिश्वत दी गई, पहले से मुस्तैद विजिलेंस टीम ने कार्रवाई करते हुए पटवारी निर्मल बोरा को रकम के साथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम आरोपी पटवारी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। सतर्कता अधिष्ठान के निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप कार्रवाई को सफल बनाने वाली टीम के लिए नगद पुरस्कार की घोषणा की है। अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे की जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी है।