

शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोप में नगर निगम कर्मचारी अंकित गिरफ्तार, फरार दोस्त अतुल गुप्ता पर भी मारपीट और गला दबाने की कोशिश का आरोप, मोहित चोपड़ा के सपोर्ट ने पीड़िता को दिया हौसला


रुद्रपुर। शादी का झांसा देकर युवती से कई बार शारीरिक संबंध बनाने और बाद में घर में घुसकर जबरदस्ती दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने नगर निगम कर्मी अंकित कुमार को गिरफ्तार किया है। मामले में युवती ने अंकित के दोस्त अतुल गुप्ता पर भी मारपीट करने और गमछे से उसका गला दबाने का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने युवती की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में गांधी कॉलोनी निवासी युवती ने बताया कि उसका पड़ोस में रहने वाले अंकित कुमार के साथ प्रेम प्रसंग था। युवती का आरोप है कि अंकित ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि बाद में वह शादी की बात को टालता रहा और युवती से दूरी बनाने लगा।
युवती के मुताबिक, सात सितंबर की रात अंकित जबरन उसके घर में घुस आया। आरोप है कि उसने युवती की मां और बहन को एक कमरे में बंद कर दिया और युवती को दूसरे कमरे में ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
तहरीर के अनुसार, इसके बाद अंकित ने अपने दोस्त अतुल गुप्ता को आवाज लगाई। आरोप है कि अतुल पहले से घर के टॉयलेट के दरवाजे के पास मौजूद था। युवती का आरोप है कि अतुल ने उसके साथ मारपीट की और गमछे से उसका गला दबाने का प्रयास किया।
युवती के चीखने-चिल्लाने पर उसकी मां और बहन ने कमरे से बाहर निकलने का प्रयास किया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि लोगों के पहुंचने के बाद अंकित और अतुल गुप्ता छत के रास्ते मौके से फरार हो गए। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि जाते समय दोनों ने पुलिस को सूचना देने पर जान से मारने की धमकी दी।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने युवती की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आरोपी अंकित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अतुल गुप्ता की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्षयों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अंकित का दोस्त अतुल गुप्ता फरार है। पीड़िता अतुल की भी गिरफ्तारी की मांग कर रही है।

