सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए परिवहन विभाग ने 40 कर्मियों को दिया विशेष प्रशिक्षण
क्रैश इन्वेस्टिगेशन से लेकर दुर्घटनाओं के कारणों की पहचान तक सिखाए गए गुर, घायलों और मृतकों की संख्या कम करना उद्देश्य
रुद्रपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और दुर्घटनाओं में घायलों एवं मृतकों की संख्या कम करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग की ओर से 23 अक्टूबर को रामपुर रोड स्थित होटल वीनस में सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें हल्द्वानी संभाग के 40 परिवहन सहायक निरीक्षकों और परिवहन आरक्षियों को विभागीय नियमों, सड़क सुरक्षा तथा दुर्घटनाओं की वैज्ञानिक जांच के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव कुमार मेहरा की उपस्थिति में हुआ। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) गुरदेव सिंह और संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविन्द पाण्डेय ने मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया।
प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में विभागीय नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई, जबकि दूसरे सत्र में सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं की रोकथाम के व्यावहारिक पहलुओं पर चर्चा हुई। सहायक निदेशक, सड़क सुरक्षा, परिवहन विभाग नरेश संगल ने उत्तराखंड में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति और उनके कारणों पर जानकारी दी। वहीं, जेपी रिसर्च इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के टीम लीडर सुमित ढुल ने दुर्घटनाओं की वैज्ञानिक जांच यानी साइंटिफिक क्रैश इन्वेस्टिगेशन के बारे में विस्तार से बताया। प्रशिक्षण के दौरान परिवहन कर्मियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया गया।
संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव कुमार मेहरा ने कहा कि प्रवर्तन कार्मिक सड़क दुर्घटनाओं के कारणों की बारीकियों को समझें और अपने दैनिक कार्यों में प्रशिक्षण से प्राप्त जानकारी का प्रभावी उपयोग करें। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं की रोकथाम में परिवहन विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी कार्मिक अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए सड़क सुरक्षा के उद्देश्यों को पूरा करने में योगदान दें।
कार्यक्रम में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), ऊधमसिंह नगर मोहित कोठारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नवीन कुमार सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), काशीपुर संदीप वर्मा तथा परिवहन कर अधिकारी आशुतोष डिमरी सहित हल्द्वानी संभाग के 40 परिवहन सहायक निरीक्षकों और परिवहन आरक्षियों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर सभी प्रतिभागियों को संयुक्त परिवहन आयुक्त तथा संबंधित संभागीय परिवहन अधिकारियों की ओर से प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। अंत में संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविन्द पाण्डेय ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए परिवहन विभाग ने 40 कर्मियों को दिया विशेष प्रशिक्षण क्रैश इन्वेस्टिगेशन से लेकर दुर्घटनाओं के कारणों की पहचान तक सिखाए गए गुर, घायलों और मृतकों की संख्या कम करना उद्देश्य
