

टीबी उन्मूलन में उधम सिंह नगर ने लहराया परचम, राज्य में मिला दूसरा स्थान।


रुद्रपुर, 25 मार्च 2026। टीबी उन्मूलन अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जनपद उधम सिंह नगर ने पूरे राज्य में द्वितीय स्थान हासिल कर एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। इस उल्लेखनीय सफलता पर जनपद को विश्व टीबी दिवस के अवसर पर देहरादून स्थित लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया गया।
महामहिम राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल को यह सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मान स्वास्थ्य मिशन उत्तराखंड के तहत चलाए जा रहे 100 दिवसीय सघन टीबी उन्मूलन अभियान में उत्कृष्ट कार्य के लिए दिया गया।
जनपद को यह उपलब्धि टीबी मरीजों की समय पर पहचान, नियमित निगरानी, पूर्ण उपचार सुनिश्चित करने और व्यापक जनजागरूकता अभियानों के सफल संचालन के चलते प्राप्त हुई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जमीनी स्तर पर सक्रियता दिखाते हुए अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल के कुशल नेतृत्व में विभाग ने एक मजबूत निगरानी तंत्र विकसित किया है, जिसके तहत मरीजों का हर स्तर पर फॉलोअप सुनिश्चित किया जा रहा है। इससे जनपद में टीबी रोगमुक्ति दर में लगातार सुधार दर्ज किया गया है।
डॉ. अग्रवाल ने इस सफलता का श्रेय स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, आशा कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम जनता को दिया। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता के बिना इस तरह की उपलब्धि संभव नहीं है।
जनपद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को जल्द हासिल करने का संकल्प दोहराया है, ताकि उधम सिंह नगर को पूरी तरह टीबी मुक्त बनाया जा सके।
