

ARTO रुद्रपुर की बड़ी कार्रवाई, चार दिन में 913 चालान और 111 वाहन सीज


रुद्रपुर। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन को लेकर ARTO रुद्रपुर की प्रवर्तन टीमों ने 20 से 23 अगस्त 2026 तक सघन प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात एवं परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई करते हुए कुल 913 चालान किए गए और 111 वाहनों को सीज किया गया।
प्रवर्तन कार्रवाई में बिना फिटनेस के 104, बिना ड्राइविंग लाइसेंस के 94, बिना टैक्स के 101, गलत लेन में वाहन चलाने के 78, मालवाहक वाहनों में ओवरलोडिंग के 62, वाहन से लोड बाहर निकले होने के 59, बिना रिफ्लेक्टिव टेप के 42 और बिना परमिट के 36 मामले सामने आए। इसके अलावा वाहनों में अनधिकृत परिवर्तन के 30 प्रकरणों में भी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान नशे में वाहन चलाने के 9, यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग के 17, मालवाहक वाहनों में किराया या लाभ के लिए यात्रियों को बैठाने के 7 तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने के 12 मामलों में भी कार्रवाई की गई। अन्य यातायात एवं परिवहन नियमों के उल्लंघन के 490 प्रकरण भी दर्ज किए गए।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात एवं परिवहन नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें तथा नशे में वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, बिना फिटनेस, बिना परमिट और अन्य नियमविरुद्ध गतिविधियों से बचें।
ARTO रुद्रपुर ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रवर्तन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

