

*रुद्रपुर में गरीबों के घरों पर बुलडोजर के खिलाफ श्रमिकों का विरोध, भाजपा सरकार का पुतला फूंका*


रुद्रपुर के पुछड़ी में गरीबों के घरों पर बुलडोजर चलाने के विरोध में श्रमिक संयुक्त मोर्चा ने 8 दिसंबर को परशुराम चौक, ट्रांजिट कैम्प में भाजपा सरकार का पुतला फूंका। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार पूंजीपतियों के लिए गरीबों की जमीनें छीन रही है, जो मानवता के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीति गरीबों के आशियाने उजाड़ने की है, जबकि उनका काम रोजी, रोटी, रोजगार और घर देना है।
वक्ताओं ने न्यायालय के निर्देशों के बावजूद पुनर्वास व वैकल्पिक व्यवस्था के बिना बुलडोजर चलाने को अपनी जिम्मेदारियों से मुंह मोड़ना बताया। उन्होंने पुछड़ी में नागरिक कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी को शासन-प्रशासन का अमानवीय चेहरा बताया। संगठनों ने मांग की कि बुलडोजर कार्रवाई रोकी जाए, मालिकाना हक दिया जाए और उजाड़े गए परिवारों का पुनर्वास व मुआवजा सुनिश्चित किया जाए।
इसमें सीएसटीयू के मुकुल, क्रालोस के शिवदेव सिंह, भाकपा(माले) के ललित मटियाली सहित धीरज जोशी, अनिता अन्ना, हरेंद्र सिंह, विजय शर्मा, भूपति रंजन मलिक, ज्ञानचंद, डूंगर सिंह, राजू सिंह, जीवन लाल, राजेश आदि शामिल थे।

