रूद्रपुर में श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाया गया विजय दिवस, 1971 भारत-पाक युद्ध के शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि।

खबरें शेयर करें -

रूद्रपुर में श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाया गया विजय दिवस, 1971 भारत-पाक युद्ध के शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि।

 

रूद्रपुर, 16 दिसम्बर 2025 (सू0वि0)

16 दिसम्बर 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में शहादत देने वाले वीर सैनिकों की स्मृति में विजय दिवस जनपद भर में श्रद्धा, सम्मान और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया।

 

मुख्य कार्यक्रम जनपद मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन के शहीद स्मारक स्थल पर आयोजित किया गया। 1971 के युद्ध में जनपद के 9 वीर सपूतों ने देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया, जबकि 2 सैनिक युद्ध में घायल हुए थे।

 

कार्यक्रम के दौरान जनपद के शहीद सूबेदार स्व. रामदत्त, सिपाही उमेश सिंह, टीका राम, दिवानी नाथ, हीरा चन्द, आन सिंह, जोगा सिंह, हर सिंह एवं त्रिलोक सिंह के चित्रों पर मुख्य अतिथि महापौर विकास शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, एसपी सिटी निहारिका तोमर, जिला क्रीड़ा अधिकारी जानकी कार्की, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सी.पी. कोठारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पूर्व सैनिकों ने पुष्पचक्र व पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

 

इस अवसर पर युद्ध में घायल सैनिक गोकुलानंद पाठक, मनोज सिंह, त्रिलोक सिंह तथा युद्ध प्रतिभागी कैप्टन धन सिंह, खड़क सिंह कार्की एवं जय सिंह को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

 

महापौर ने वीर शहीदों को किया नमन

 

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि विजय दिवस हमें उन वीर सैनिकों की याद दिलाता है जिन्होंने देश की आन-बान-शान के लिए अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया। उन्होंने कहा कि हमारा प्रदेश वीरों की भूमि है और आज हम देश में सुरक्षित हैं तो उसके पीछे सीमाओं पर तैनात हमारे सैनिकों का अदम्य साहस है। 1971 के युद्ध में भारत की विजय हुई, किंतु इस विजय की कीमत हमारे अनेक वीर सैनिकों की शहादत रही, जिन्हें आज पूरा देश नमन करता है।

 

सैनिकों के साहस से प्रेरणा लेने की अपील

 

मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि हमें उनके साहस, पराक्रम और बलिदान से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सैनिकों और उनके परिवारों का सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है तथा शहीदों के पदचिह्नों पर चलकर उनकी कुर्बानी को सदैव स्मरण में रखना चाहिए।

 

प्रतियोगिताओं और खेल आयोजनों का आयोजन

 

विजय दिवस के अवसर पर जनपद के शिक्षण संस्थानों एवं क्रीड़ा विभाग द्वारा 1971 भारत-पाक युद्ध एवं देशभक्ति विषय पर चित्रकला, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

 

चित्रकला प्रतियोगिता में

 

प्रथम: सविता (आदर्श बालिका इंटर कॉलेज, पंतनगर)

 

द्वितीय: सलोनी शर्मा (जनता इंटर कॉलेज, रूद्रपुर)

 

तृतीय: भावना जोशी (गुरुनानक बालिका राजकीय इंटर कॉलेज)

 

 

निबंध प्रतियोगिता में

 

प्रथम: सुमित (जनता इंटर कॉलेज)

 

द्वितीय: शिफा (गुरुनानक बालिका इंटर कॉलेज)

 

तृतीय: साक्षी कश्यप (आर्य कन्या इंटर कॉलेज)

 

 

भाषण प्रतियोगिता में

 

प्रथम: कामनी (राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रामनगर)

 

द्वितीय: सोनम (राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फाजलपुर महरौला)

 

तृतीय: विष्णु सिंह राठौर (आनंदा झा राजकीय इंटर कॉलेज)

 

 

इसके अतिरिक्त खेल विभाग द्वारा स्पोर्ट्स स्टेडियम में ओपन क्रॉस कंट्री रेस का आयोजन किया गया।

महिला वर्ग में अजरा निपाशा प्रथम, दीपा द्वितीय, गुंजन तृतीय रहीं।

पुरुष वर्ग में पुष्कर चन्द प्रथम, धीरज सिंह बिष्ट द्वितीय एवं अनुपम तृतीय स्थान पर रहे। सभी विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया।

 

कार्यक्रम में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी चंद प्रकाश कोठारी, सहायक सैनिक कल्याण अधिकारी सुन्दर सिंह, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी महेश चन्द्र भट्ट सहित अनेक पूर्व सैनिक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।