खेती बचाओ अभियान शुरू, जैविक खेती अपनाने का किसानों से जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने किया आह्वान

खबरें शेयर करें -

खेती बचाओ अभियान शुरू, जैविक खेती अपनाने का किसानों से जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने किया आह्वान


रुद्रपुर, 1 जून। ऊधम सिंह नगर में खेती बचाओ अभियान का शुभारंभ जिला सभागार में आयोजित कार्यक्रम के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने प्रतिभाग करते हुए किसानों से संतुलित उर्वरकों के प्रयोग और जैविक खेती को अपनाने की अपील की।

अजय मौर्य ने कहा कि मिट्टी की उर्वरता को बनाए रखने के लिए गोबर खाद और हरी खाद का अधिक से अधिक उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक प्रयोग से जहां भूमि की उत्पादक क्षमता प्रभावित होती है, वहीं इससे पैदा होने वाली फसलें मानव स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर डाल सकती हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दे रहे हैं। जैविक खेती न केवल पर्यावरण के अनुकूल है, बल्कि इससे बेहतर गुणवत्ता वाली फसल भी प्राप्त होती है।

मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीकेएस यादव ने बताया कि 1 जून से 30 जून तक जनपद के सभी विकासखंडों में खेती बचाओ अभियान के तहत जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने किसानों से खेतों की मिट्टी का परीक्षण कराने के बाद ही उर्वरकों और कीटनाशकों का उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मिट्टी परीक्षण से उसकी उर्वरक क्षमता का सही आकलन होता है, जिससे फसलों के लिए आवश्यक पोषक तत्वों की जानकारी मिलती है और खेती अधिक वैज्ञानिक एवं लाभकारी बनती है।

कार्यक्रम में पंतनगर कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों तथा टिकाऊ खेती के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर कृषि, पशुपालन, उद्यान, मत्स्य और राशन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिला एवं विकासखंड स्तर के प्रगतिशील किसानों को प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष कमल जिंदल, जिला पंचायत सदस्य सूरज नारायण, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशुतोष जोशी, मुख्य उद्यान अधिकारी सतीश कुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान एवं अधिकारी मौजूद रहे।