6वीं रुद्रपुर ओपन रैपिड चेस टूर्नामेंट का शुभारंभ, 140 खिलाड़ी दिखा रहे शतरंज का हुनर

खबरें शेयर करें -

6वीं रुद्रपुर ओपन रैपिड चेस टूर्नामेंट का शुभारंभ, 140 खिलाड़ी दिखा रहे शतरंज का हुनर


रुद्रपुर। 6वीं रुद्रपुर ओपन रैपिड चेस टूर्नामेंट का शुभारंभ रविवार को वरिष्ठ भाजपा नेता भारत भूषण चुघ ने किया। जेपीएस पब्लिक स्कूल के सभागार में आयोजित इस प्रतियोगिता में उन्होंने खिलाड़ियों के साथ पहला मूव खेलकर टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन किया।

इस अवसर पर भारत भूषण चुघ ने कहा कि शतरंज का खेल आज देशभर में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और गांवों व छोटे शहरों से निकलकर युवा खिलाड़ी विभिन्न खेलों में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन की कामना की।

राघव चेस एकेडमी के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों के लगभग 140 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ी अपनी रणनीति और कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे शतरंज प्रेमियों में भी उत्साह का माहौल बना हुआ है।

आयोजकों ने बताया कि इस तरह की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य युवाओं में बौद्धिक खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। प्रतियोगिता के दौरान कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।

कार्यक्रम में आयोजक सुमित बांगा, प्रमेश अरोड़ा, दिलीप साहू सहित अनेक खेल प्रेमी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।