सड़क सुरक्षा पर RTO का बड़ा अभियान, 343 चालान और 53 वाहन सीज

खबरें शेयर करें -

सड़क सुरक्षा पर RTO का बड़ा अभियान, 343 चालान और 53 वाहन सीज


रुद्रपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के लिए आरटीओ हल्द्वानी के निर्देश पर 20 और 21 अगस्त को रुद्रपुर क्षेत्र में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। एआरटीओ रुद्रपुर नवीन सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन टीमों ने व्यापक चेकिंग अभियान चलाते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की।

दो दिवसीय अभियान के दौरान कुल 343 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितता और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर 53 वाहनों को सीज किया गया।

कार्रवाई में बिना फिटनेस वाहन चलाने के 39, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के 46, बिना रिफ्लेक्टिव टेप के 24 और गलत लेन में वाहन चलाने के 14 मामले सामने आए। वहीं मालवाहक वाहनों में ओवरलोडिंग के 39 तथा वाहनों से बाहर निकले जोखिमपूर्ण लोड के 37 मामलों में भी कार्रवाई की गई।

इसके अलावा बिना परमिट संचालित 16 वाहनों, यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग के 6 मामलों और मालवाहक वाहनों में अवैध रूप से सवारी ढोने के 2 मामलों पर कार्रवाई की गई। नशे में वाहन चलाने के 5 मामले भी पकड़े गए, जबकि वाहनों में अनधिकृत बदलाव कराने वाले 13 वाहन स्वामियों के चालान किए गए। अन्य विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन के 215 मामले भी दर्ज किए गए।

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ओवरलोडिंग, बिना फिटनेस वाहन संचालन और ड्रंक एंड ड्राइव जैसे गंभीर मामलों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग करने की अपील की है।

#Rudrapur #RTO #RoadSafety #TrafficRules #Uttarakhand #TransportDepartment #CheckingCampaign #DrunkAndDrive #Overloading #RudrapurNews