रूद्रपुर तहसील दिवस में 10 शिकायतें दर्ज, 7 का मौके पर निस्तारण
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को संवेदनशीलता व समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश
रूद्रपुर, 06 जनवरी 2026 (सूवि)
नए साल के प्रथम मंगलवार को जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में तहसील रूद्रपुर का तहसील दिवस जिला सभागार में आयोजित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसील दिवस में पंजीकृत शिकायतों को शांत मन, संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ सुनते हुए निर्धारित समय-सीमा में निस्तारित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि समस्याओं का समाधान उसी स्तर पर किया जाए, जिस स्तर की वे हैं, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों से नई ऊर्जा और समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनता को सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत शिविर आयोजित कर जनता की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया जा रहा है। इस अभियान में सभी अधिकारियों की अनिवार्य भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
तहसील दिवस में आधार कार्ड, राशन कार्ड, बिजली एवं भूमि से संबंधित कुल 10 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 7 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।
ग्राम बागवाला दानपुर निवासी रीना, बिंद्रा और मनप्रीत के आधार कार्ड संशोधन एवं मोबाइल नंबर लिंक कराने का अनुरोध तत्काल पूरा किया गया। वहीं, वकील अहमद ने मानसिक रूप से पीड़ित बेटी को दिव्यांग पेंशन दिलाने की मांग रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को तुरंत औपचारिकताएं पूर्ण कर पेंशन स्वीकृत कराने के निर्देश दिए।
बागवाला दानपुर निवासी रीना द्वारा बीपीएल राशन कार्ड जारी करने की मांग पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी एवं जिला पूर्ति अधिकारी को ग्राम पंचायत में खुली बैठक कर अपात्रों का सत्यापन कर पात्रों के राशन कार्ड बनाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड के व्यापक सत्यापन अभियान चलाकर अपात्र व बाहरी व्यक्तियों के कार्ड निरस्त करने को कहा।
मधुसूदन सरकार ने सिंचाई नहर से अतिक्रमण हटाने तथा ग्राम मलसा निवासी राजकुमार ने भूमि चिन्हांकन की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदार को 15 दिनों के भीतर जांच कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
तहसील दिवस में उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, प्रभागीय वनाधिकारी यूसी तिवारी, उप जिलाधिकारी गौरव पाण्डेय, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. केके अग्रवाल सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
