नया साल, नई सौगात: रुद्रपुर के मोदी मैदान में बनेगा भव्य खेल स्टेडियम, जनवरी में लगेगा टेंडर।

खबरें शेयर करें -

नया साल, नई सौगात: रुद्रपुर के मोदी मैदान में बनेगा भव्य खेल स्टेडियम, जनवरी में लगेगा टेंडर

रुद्रपुर। रुद्रपुर के युवाओं के लिए नए साल में बड़ी खुशखबरी है। विधायक शिव अरोरा का वर्ष 2022 के चुनाव में लिया गया संकल्प अब साकार होने जा रहा है। शहर के ऐतिहासिक मोदी मैदान में इनडोर व आउटडोर सुविधाओं से युक्त आधुनिक खेल स्टेडियम का निर्माण शीघ्र शुरू होने वाला है। जनवरी माह में स्टेडियम के पहले चरण के निर्माण कार्य का टेंडर जारी किया जाएगा।

विधायक शिव अरोरा ने बताया कि वर्ष 2023 में उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष मोदी मैदान में स्टेडियम निर्माण का प्रस्ताव रखा था, जिसे मुख्यमंत्री ने प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल किया। इसके बाद मई 2024 में तत्कालीन जिलाधिकारी उदयराज सिंह द्वारा 20 एकड़ भूमि जिला विकास प्राधिकरण को हस्तांतरित की गई।

बुधवार को विधायक शिव अरोरा ने जिला विकास प्राधिकरण में उपाध्यक्ष जयकिशन एवं अधिकारियों के साथ स्टेडियम की फाइनल डिजाइन और निर्माण कार्य प्रारंभ करने को लेकर विस्तृत बैठक की।

विधायक ने कहा कि 2026 के नए साल पर रुद्रपुरवासियों को यह बड़ी सौगात मिलने जा रही है। सभी औपचारिकताएं पूर्ण हो चुकी हैं और अब पहले चरण का कार्य शुरू होने की स्थिति में है।

पहले चरण में होंगे ये कार्य

पहले चरण में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से—

चारों ओर बाउंड्रीवाल व प्रवेश द्वार

साइकिल ट्रैक

ओपन एम्फीथिएटर

छोटे बच्चों के लिए खेल गतिविधि ब्लॉक

मैदान का सौंदर्यीकरण

बाउंड्री के चारों ओर 500 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग

दूसरे चरण में होंगी खेल सुविधाएं

दूसरे चरण में—

दर्शक दीर्घा

क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल सहित विभिन्न खेलों के लिए जोनवार ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा।

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि यह केवल घोषणा नहीं, बल्कि धरातल पर उतरने वाली योजना है। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विकासोन्मुख सोच का परिणाम बताया और रुद्रपुर की जनता की ओर से मुख्यमंत्री का आभार जताया।

कोई शुल्क नहीं, प्राधिकरण करेगा देखरेख

जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जयकिशन ने बताया कि पहले चरण की डिजाइन व डीपीआर तैयार है और जनवरी में टेंडर जारी कर दिया जाएगा। खेल गतिविधियों के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा, तथा स्टेडियम की देखरेख जिला विकास प्राधिकरण स्वयं करेगा।

बैठक में पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता नरेंद्र नवानी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।