

*रुद्रपुर में नशे के खिलाफ जंग, स्थानीय लोगों ने कमर कसी*


रुद्रपुर, 24 नवंबर – ‘नशे को न, जीवन को हां’ की थीम के साथ सूखे नशे व कच्ची शराब के खिलाफ पूरे रुद्रपुर में मुहिम के रूप में चल रहा जनजागरूकता अभियान ‘रुद्रपुर अंगेस्ट ड्रग्स’ के तहत आज वार्ड 33 के शांति विहार कालोनी शिव मंदिर प्रांगण में बैठक आयोजित की गई। बैठक में ‘रुद्रपुर अंगेस्ट ड्रग्स’ के अध्यक्ष सुशील गाबा ने वार्डवासियों से सूखे नशे आदि की समस्या के बारे में जानकारी लेकर इसका सामना करने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।
बैठक में वरिष्ठ समाजसेवी विक्रम रावत ने बताया कि शांति विहार क्षेत्र में फिलहाल ड्रग्स की पकड़ में गिने चुने लोग ही ग्रसित हैं, लेकिन अब विगत कुछ समय से शिव मंदिर के समीप स्थित रेलवे पटरी के समीप सूखे नशे की लत से ग्रसित युवाओं की खासी सक्रियता देखी जा रही है, जो कि स्वयं नशा करने के साथ ही संभवतः इसका व्यापार भी कर रहे हैं। इन हुड़दंगियों को मना करने पर यह लोग लड़ने के साथ ही सीधे पत्थरबाजी पर उतर आते हैं।
वरिष्ठ समाजसेवी कल्याण सिंह परिहार ने कहा कि रेलवे पटरी के समीप झाड़ियां व झुरमुट आदि के जंजाल के कारण इन हुड़दंगियों को नशे की लत पूरी करने के साथ ही ताश व जुआ आदि के कुव्यसन पूरे करने के लिए भी उपयुक्त माहौल मिल रहा है। अब यह नशे आदि का मकड़जाल शांति विहार कालोनी में भी दस्तक दे रहा है।
सुशील गाबा ने कहा कि इस परेशानी से निपटने का एकमात्र उपाय एकजुटता व जनजागृति है। हमें अपने अपने क्षेत्र की कमेटी बनाकर इन हुड़दंगियों के सामने चट्टान की तरह खड़ा होना होगा। यह लोग केवल डर का माहौल बनाकर अपना रौब चलाते हैं। यदि हम एकजुट हो गए तो यह लोग तुरंत अपना बोरिया बिस्तर समेट लेंगे।
