AISA के जंतर-मंतर प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे छात्रों को लालकुआं पुलिस ने हिरासत में लिया, छात्र संगठनों में रोष

खबरें शेयर करें -

AISA के जंतर-मंतर प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे छात्रों को लालकुआं पुलिस ने हिरासत में लिया, छात्र संगठनों में रोष
लालकुआं। दिल्ली के जंतर-मंतर पर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) द्वारा आयोजित प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे छात्रों को रविवार को लालकुआं पुलिस ने सेंचुरी पेपर मिल के सामने रोककर हिरासत में ले लिया। इस कार्रवाई के बाद छात्र संगठनों में रोष व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, हिरासत में लिए गए छात्रों में लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय, हल्दूचौड़ के छात्र धीरज कुमार, आनंद राजभर, करन और साहिल सहित अन्य छात्र शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सभी छात्र दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित AISA के विरोध-प्रदर्शन में भाग लेने के लिए रवाना हुए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस ने सेंचुरी पेपर मिल के समीप छात्रों को रोकने के बाद हिरासत में ले लिया। घटना की जानकारी मिलते ही छात्र संगठनों में नाराजगी फैल गई। उनका कहना है कि शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे छात्रों को रास्ते में रोककर हिरासत में लेना उनके संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है।
समाचार लिखे जाने तक लालकुआं पुलिस की ओर से छात्रों को हिरासत में लेने के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। वहीं, AISA और अन्य छात्र संगठनों ने इस कार्रवाई का विरोध करते हुए हिरासत में लिए गए सभी छात्रों को तत्काल रिहा करने की मांग की है। उनका कहना है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और इस तरह की कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।