



जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत खटीमा में बहुद्देशीय शिविर आयोजित, 1032 लोगों ने उठाया योजनाओं का लाभ।

खटीमा, 10 फरवरी 2026 ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत मंगलवार को सनातन धर्मशाला, नगर पालिका परिषद खटीमा के समीप बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी तुषार सैनी ने की। शिविर में बड़ी संख्या में आमजन की सहभागिता देखने को मिली।
आयोजित शिविर में कुल 1032 लोगों ने प्रतिभाग किया, जिसमें 80 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से 22 प्रार्थना पत्रों एवं प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
शिविर को संबोधित करते हुए नगर पालिका परिषद खटीमा के अध्यक्ष रमेश चन्द्र जोशी ने कहा कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम राज्य सरकार की महत्त्वाकांक्षी पहल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचे, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान के लिए राज्य सरकार का आभार भी व्यक्त किया।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 236 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। इसके साथ ही 19 आयुष्मान कार्ड, 02 दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए तथा 03 महिलाओं को जननी सुरक्षा योजना से लाभान्वित किया गया। होम्योपैथिक विभाग ने 105 लोगों की जांच की, जबकि आयुष विभाग द्वारा 98 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निशुल्क दवाएं वितरित की गईं।
समाज कल्याण विभाग द्वारा 05 पेंशन आवेदन भरवाए गए तथा 08 दिव्यांग व्यक्तियों के बस पास बनाए गए। पूर्ति विभाग ने 11 लोगों के राशन कार्ड एवं ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी की। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा 06 महिलाओं को महालक्ष्मी किट योजना का लाभ दिया गया। उद्यान विभाग ने 25 लोगों को सब्जी, मसाला एवं पुष्प क्षेत्र विस्तार योजना तथा 04 लोगों को मशरूम उत्पादन योजना से लाभान्वित किया। डेयरी विभाग द्वारा 10 व्यक्तियों को साईलेज एवं दुधारू पशु योजना का लाभ प्रदान किया गया।
शिविर में 12 जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण, 35 आय, जाति एवं स्थायी निवास प्रमाण पत्र, 02 विरासत दर्ज, 28 खाता-खतौनी की प्रमाणित नकल तथा 02 यूसीसी पंजीकरण भी किए गए। इसके अतिरिक्त राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं—मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना, ब्रॉयलर फार्म प्रोत्साहन योजना, बैकयार्ड पोल्ट्री योजना, मुख्यमंत्री बाल पोषण योजना, मुख्यमंत्री महिला पोषण योजना, महिला एवं युवक मंगल दल गठन, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, राष्ट्रीय पशुधन मिशन, पशुधन बीमा योजना, मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक मेधावी बालिका एवं अल्पसंख्यक प्रोत्साहन योजना आदि के अंतर्गत कुल 949 व्यक्तियों को लाभान्वित किया गया।
शिविर में नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चन्द्र जोशी, युवा मोर्चा अध्यक्ष सतीश भट्ट, महिला मोर्चा की विनीता सक्सेना, मंडल अध्यक्ष अमित पाण्डे सहित जनपद, तहसील एवं विकास खंड स्तर के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।





