अंकिता भंडारी मर्डर केस: CBI जांच में देरी से आहत BJP नेता अरविंद तोमर का इस्तीफा, पार्टी पर बढ़ता दबाव
देहरादून | उत्तराखंड
उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भारतीय जनता पार्टी की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। मामले में CBI जांच में हो रही देरी से आहत होकर अब BJP नेता अरविंद तोमर ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।
अरविंद तोमर ने अपने इस्तीफे में साफ शब्दों में लिखा है—
“CBI जांच में हो रही देरी के कारण मैं बहुत आहत हूं। इसी कारण तत्काल प्रभाव से भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा दे रहा हूं।”
उनका कहना है कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के नाम पर सरकार और पार्टी नेतृत्व सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। इससे जनता में आक्रोश बढ़ रहा है और पार्टी की नैतिक जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी BJP के कई पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि इस मामले में पार्टी और सरकार की भूमिका से असंतुष्ट होकर इस्तीफा दे चुके हैं। लगातार हो रहे इस्तीफों से यह साफ हो गया है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड अब केवल एक आपराधिक मामला नहीं, बल्कि राजनीतिक और नैतिक संकट का रूप ले चुका है।
राज्य भर में CBI जांच में देरी, VIP संरक्षण के आरोप और न्याय में हो रही बाधाओं को लेकर जनता का आक्रोश लगातार तेज हो रहा है। ऐसे में अरविंद तोमर का इस्तीफा भाजपा के लिए एक और बड़ा झटका माना जा रहा है।
