*बंगाली समाज में उबाल: गदरपुर विधायक का पुतला फूंका, माफी की मांग*
गदरपुर विधायक अरविंद पांडे के बंगाली समाज को लेकर दिए गए विवादित बयान के बाद रुद्रपुर में बंगाली समाज ने आक्रोश जताते हुए विधायक का पुतला दहन किया। समाज के लोगों ने विधायक से सार्वजनिक माफी की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि माफी नहीं मांगी गई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
*समाजसेवी सुब्रत विश्वास का बयान*
समाजसेवी सुब्रत विश्वास ने कहा, “विधायक को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी होगी। यदि वे ऐसा नहीं करते हैं तो बंगाली समाज व्यापक आंदोलन करेगा और आवश्यक हुआ तो उनके आवास के बाहर धरना भी दिया जाएगा।”
*कल्याण समिति पर टिप्पणी से भड़का समाज*
विधायक द्वारा बंगाली कल्याण समिति को लेकर की गई टिप्पणी ने समाज में और आक्रोश भर दिया है। यह समिति दशकों से बंगाली समाज के अधिकारों और एकता की लड़ाई लड़ रही है। समाज के लोगों का कहना है कि यह समिति सिर्फ एक संस्था नहीं, बल्कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में बंगालियों की पहचान और गौरव का प्रतीक है।
*पूर्व पार्षद विकास मल्लिक का बयान*
पूर्व पार्षद विकास मल्लिक ने कहा, “कल्याण समिति 30 वर्षों से समाज की सेवा कर रही है। अरविंद पांडे का बयान न केवल समिति बल्कि पूरे बंगाली समाज का अपमान है। भाजपा के नेता लगातार हमें ओछी नजरों से देखते हैं और बांटने की राजनीति करते हैं।”
*अधूरे वादों पर भी जताई नाराज़गी*
साल 2017 में अखिल भारतीय बंगाली एकता मंच के बैनर तले आंदोलन के दौरान बांग्ला भाषा लागू करने का वादा किया गया था, लेकिन समाज का आरोप है कि वह आज तक अधूरा है। सुब्रत विश्वास का कहना है कि विधायक ने चुनावों के समय समाज को भ्रमित किया और किए गए वादों को निभाया नहीं।
*आंदोलन की राह पर समाज*
पुतला दहन के साथ ही यह साफ हो गया है कि बंगाली समाज अब अपमान सहन करने को तैयार नहीं। समाज ने संकेत दिया है कि यदि विधायक ने तत्काल माफी नहीं मांगी, तो आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर विरोध-प्रदर्शन और आंदोलन शुरू किया जाएगा।
*कार्यक्रम में उपस्थित लोग*
पुतला दहन के कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ समाजसेवी परिमल राय जी, पूर्व पार्षद विकास मलिक जी, समाजसेवी आशित बाला जी, युवा नेता अभिमन्यु साना जी, उमाशंकर मंडल, जगदीश दास, परिमल जी, सौरभ मिस्त्री, अमल बिस्वास, शिव, सूरज, राजू, संजय आइस, विकास विश्वास, समाजसेविका किरण विश्वास, जय किशन मंडल, देवदास सरकार आदि लोग उपस्थित थे।
