

खटीमा बॉर्डर पर आबकारी का बड़ा वार: जंगलों में 10 किमी कॉम्बिंग, कच्ची शराब का काला खेल ध्वस्त



खटीमा/पीलीभीत | स्पेशल रिपोर्ट
उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश की सीमा पर अवैध शराब के खिलाफ बड़ा एक्शन देखने को मिला, जब आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने मझोला क्षेत्र समेत कई संदिग्ध ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी। आयुक्त उत्तराखंड के आदेश और संयुक्त आबकारी आयुक्त कुमाऊं मंडल के निर्देशन में चले इस विशेष अभियान में खटीमा आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 और पीलीभीत आबकारी विभाग की टीम ने मिलकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
जंगलों में करीब 10 किलोमीटर तक सघन कॉम्बिंग कर टीम ने देवहा नदी किनारे, सत्रह मील, ढाकी ग्राम के आसपास छिपे अवैध शराब के अड्डों को निशाना बनाया। कार्रवाई के दौरान करीब 60 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई, जबकि मौके पर ही लगभग 1500 लीटर लहन को नष्ट कर दिया गया। इसके साथ ही तीन चालू भट्ठियों और शराब बनाने के उपकरणों को भी पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
आबकारी विभाग ने इस पूरे मामले में सख्ती दिखाते हुए आबकारी अधिनियम के तहत तीन अभियोग दर्ज किए हैं। इतना ही नहीं, संयुक्त टीम ने बॉर्डर क्षेत्र में मझोला के पास वाहनों की सघन चेकिंग और गश्त अभियान भी चलाया, जिससे तस्करों में हड़कंप मच गया।
इस कार्रवाई से साफ है कि बॉर्डर इलाकों में अवैध शराब के कारोबार पर अब प्रशासन पूरी तरह शिकंजा कसने के मूड में है और ऐसे धंधेबाजों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
