राष्ट्रीय राजमार्ग 74 पर स्वच्छता सुदृढ़ करने को प्रशासन सख्त, हर शुक्रवार होगी विशेष समीक्षा बैठक।

खबरें शेयर करें -

राष्ट्रीय राजमार्ग 74 पर स्वच्छता सुदृढ़ करने को प्रशासन सख्त, हर शुक्रवार होगी विशेष समीक्षा बैठक।

दिनांक 16 जनवरी 2026 को जनपद में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य फोकस राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 74, विशेष रूप से काशीपुर क्षेत्र में सड़क के किनारे और अर्नथन शोल्डर के भीतर कूड़ा-कचरा फेंके जाने की समस्या को रोकना और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करना रहा। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर जमा कचरे को शीघ्र हटाया जाए और भविष्य में इस तरह की लापरवाही न होने दी जाए।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि प्रत्येक शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे चिन्हित स्थलों पर एकत्र कचरे की स्थिति की समीक्षा की जाएगी और संबंधित एजेंसियों को तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करना होगा। जनपद के शहरी क्षेत्रों में राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे हिस्सों की सफाई की जिम्मेदारी जिला पंचायत और संबंधित नगर निकायों को सौंपी गई है, ताकि हाईवे क्षेत्र स्वच्छ और व्यवस्थित बना रहे।

ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को लेकर ग्राम पंचायतों को निर्देशित किया गया कि ग्राम सभा की खुली बैठक आयोजित कर कूड़े के पृथक्करण के लिए उपयुक्त स्थलों का निर्धारण किया जाए। साथ ही कूड़ा निस्तारण के लिए ग्राम पंचायतों और नगर निकायों को आपसी समन्वय के साथ अनुबंध की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए, जिससे कचरे का वैज्ञानिक और नियमित निस्तारण सुनिश्चित हो सके।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि जनपद के समस्त खंड विकास अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में नगर निकाय सीमा के अंतर्गत आने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग हिस्सों पर कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था के लिए उत्तरदायी होंगे। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने की दिशा में शिक्षा विभाग को भी महत्वपूर्ण भूमिका सौंपी गई। निर्देश दिए गए कि विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के माध्यम से स्वच्छता अभियान चलाया जाए और व्यवहार परिवर्तन का संदेश समाज तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जाए, ताकि लोग सार्वजनिक स्थलों पर कचरा फेंकने से बचें।

इस महत्वपूर्ण बैठक में परियोजना निदेशक जिला विकास अभिकरण, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद के समस्त खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी तथा नगर निगम और नगर निकायों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि राष्ट्रीय राजमार्गों की स्वच्छता में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमित निगरानी के जरिए व्यवस्था को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा।