नरेगा का नाम बदलना राष्ट्रपिता का अपमान: रुद्रपुर में कांग्रेस का धरना, केंद्र सरकार पर साधा निशाना
रुद्रपुर। मनरेगा योजना का नाम बदले जाने के विरोध में आज रुद्रपुर में कांग्रेसियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी के नेतृत्व में अंबेडकर पार्क में धरना दिया गया, जहां केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
धरने को संबोधित करते हुए ममता रानी ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने देश के गरीब और जरूरतमंद लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) की शुरुआत की थी। इस योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 100 दिन का रोजगार सुनिश्चित किया गया, जिससे देश के करोड़ों लोगों को सीधा लाभ मिला।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार बदले की भावना से प्रेरित होकर मनरेगा का नाम बदल रही है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि सरकार राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम और उनके विचारों का अपमान करना चाहती है। ममता रानी ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार गरीबों के हितों के साथ कुठाराघात कर रही है और विकास के बजाय केवल नाम बदलने की राजनीति में लगी हुई है।
उन्होंने आगे कहा कि देश की जनता अब यह भली-भांति समझ चुकी है कि भाजपा सरकार आम जनता के साथ न्याय नहीं कर सकती और अपने राजनीतिक स्वार्थों के लिए महापुरुषों के सम्मान से भी समझौता कर रही है। कांग्रेस इस तरह की नीतियों का लगातार विरोध करती रहेगी और जरूरत पड़ी तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
धरने में पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता डॉ. अजय सिंह, अनिल शर्मा, इंद्रजीत सिंह, सतीश कुमार, सीपी शर्मा, सरोज रानी, उमा सरकार, कुंवरपाल कोली, मोहन भारद्वाज, राजेंद्र गुप्ता, रविंद्र गुप्ता, कमल चुघ, मनोज पालीवाल, नवीन खेतवाल, जयदेव सिंह, प्रकाश शर्मा, रामस्वरूप भारती, सोनू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
