### सिडकुल सितारगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 8.11 ग्राम शुद्ध स्मैक के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार, इरफान मेवाती से स्मैक मिलने की बात आई सामने
रिपोर्टर: महेंद्र पाल मौर्य
रुद्रपुर/सितारगंज। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में ऊधमसिंहनगर पुलिस का अवैध नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में सिडकुल सितारगंज पुलिस ने जयनगर-शक्तिफार्म मार्ग पर कार्रवाई करते हुए 8.11 ग्राम शुद्ध स्मैक (हेरोइन) के साथ एक कथित नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर को चौकी प्रभारी प्रदीप कोहली पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान जयनगर से शक्तिफार्म जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर तेजी से चलने लगा। शक होने पर पुलिस ने उसे पकड़कर तलाशी ली तो उसके कब्जे से पारदर्शी पन्नी में भूरे रंग का चूर्ण बरामद हुआ। जांच में पदार्थ स्मैक पाया गया। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर पन्नी सहित वजन 8.88 ग्राम और शुद्ध स्मैक का वजन 8.11 ग्राम निकला।
पुलिस ने मौके से 240 रुपये नकद और OPPO Reno 11 मोबाइल फोन भी बरामद किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सतपाल सिंह उर्फ पाला (31 वर्ष), निवासी ग्राम नकुलिया, थाना सितारगंज के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने स्मैक बेचने की बात स्वीकार करते हुए इसे इरफान मेवाती नामक व्यक्ति से प्राप्त करना बताया। पुलिस ने आरोपी को 12 नवंबर को दोपहर 3:05 बजे गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कोतवाली सितारगंज में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, बरामद स्मैक को नियमानुसार सील कर नमूने लिए गए तथा तलाशी और बरामदगी की पूरी कार्रवाई ई-साक्ष्य एप के माध्यम से वीडियो रिकॉर्ड की गई। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी प्रदीप कोहली, कांस्टेबल कमल गहतोड़ी और कांस्टेबल विनोद जोशी शामिल रहे।











