टाइटन ने 306 मेधावी एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को दी छात्रवृत्ति, बालिका शिक्षा और सशक्तिकरण को मिलेगा बढ़ावा।

टाइटन ने 306 मेधावी एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को दी छात्रवृत्ति, बालिका शिक्षा और सशक्तिकरण को मिलेगा बढ़ावा। रुद्रपुर, 31 अक्टूबर। शिक्षा को प्रोत्साहन देने और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने की दिशा में टाटा समूह की कंपनी टाइटन ने महत्वपूर्ण पहल की है। शनिवार को सिटी क्लब रुद्रपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए टाइटन कन्या+ एवं टाइटन छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 306 मेधावी एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की गई, जिससे वे आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद अपनी पढ़ाई जारी रख सकें और भविष्य के लक्ष्यों को हासिल कर सकें।
टाइटन कंपनी शिक्षा, बालिका सशक्तिकरण और सरकारी विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए लगातार सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत कार्य कर रही है। इसी कड़ी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र सिंह मिश्रा और खंड शिक्षा अधिकारी सवेद आलम मौजूद रहे। अधिकारियों ने छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और शिक्षा के क्षेत्र में टाइटन की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।कार्यक्रम में टाइटन के वरिष्ठ प्रबंधन से हेड-सीएसआर जे.जे. डोमिनिक, हेड-एडमिनिस्ट्रेशन स्क्वाड्रन लीडर रश्मि देवकुमार, ज्वेलरी डिवीजन के फैक्ट्री मैनेजर Maarajan M तथा टाइटन वॉचेज के फैक्ट्री मैनेजर राजीव राजपूत उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्रवृत्ति केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि शिक्षा के माध्यम से बेहतर भविष्य बनाने का अवसर भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से इस अवसर का सदुपयोग करने और अपने शैक्षणिक एवं व्यावसायिक लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया। कंपनी की ओर से बताया गया कि छात्रवृत्ति के लिए चयन प्रक्रिया लगभग तीन से चार महीने तक चलती है। इसमें आवेदन आमंत्रित करने, आवेदनों की गहन जांच, व्यक्तिगत साक्षात्कार और आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन जैसे चरण शामिल हैं। पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी रखा जाता है, ताकि आर्थिक रूप से जरूरतमंद और पात्र विद्यार्थियों तक ही इस योजना का लाभ पहुंचे।
इस छात्रवृत्ति कार्यक्रम को धरातल पर सफल बनाने में सहयोगी संस्थाओं NGO AASARA और द हंस फाउंडेशन की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में AASARA के सीईओ अमित बदोनी और द हंस फाउंडेशन की हेड-एजुकेशन सोनल भी मौजूद रहीं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से टाइटन की ‘पावर प्ले’ पहल की जानकारी भी दी गई। इसके साथ ही कंपनी की अन्य कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) गतिविधियों और सतत विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया गया।
टाइटन की कन्या+ एवं छात्रवृत्ति योजनाओं के माध्यम से शिक्षा को बढ़ावा देने, बालिकाओं को सशक्त बनाने और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। 306 विद्यार्थियों को मिली यह छात्रवृत्ति न केवल उनकी शिक्षा जारी रखने में आर्थिक सहयोग देगी, बल्कि उनके सपनों को साकार करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।