

रुद्रपुर में फैंसी नंबरों की जबरदस्त डिमांड, 0100 नंबर 2.95 लाख में नीलाम; परिवहन विभाग को 15.21 लाख का राजस्व


रुद्रपुर। उप संभागीय परिवहन कार्यालय रुद्रपुर द्वारा यूके 06 बी आर सीरीज के फैंसी नंबरों की आयोजित नीलामी में इस बार वाहन मालिकों में नंबरों को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। नीलामी प्रक्रिया से परिवहन विभाग को कुल 15 लाख 21 हजार रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।
नीलामी में सबसे अधिक बोली 0100 नंबर के लिए लगी, जिसे 2 लाख 95 हजार रुपये में खरीदा गया। इसके अलावा 0007 नंबर 2 लाख 43 हजार रुपये, 8888 नंबर 2 लाख 2 हजार रुपये तथा 0001 नंबर 2 लाख 1 हजार रुपये में नीलाम हुआ।
बताया गया कि बीआर सीरीज में नीलामी हेतु कुल 38 फैंसी नंबर उपलब्ध कराए गए थे, जिनमें से 25 नंबरों पर सफलतापूर्वक बोली लगी। शेष बचे नंबरों के लिए अब 16 मई से दोबारा नीलामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
फैंसी नंबरों के प्रति लोगों की बढ़ती दिलचस्पी से परिवहन विभाग को लगातार अच्छा राजस्व मिल रहा है। खास नंबरों को लेने के लिए वाहन मालिक लाखों रुपये तक खर्च करने को तैयार नजर आ रहे हैं।
