किच्छा में सरदार एकता संदेश समारोह: लौह पुरुष की प्रतिमा का भव्य लोकार्पण।

खबरें शेयर करें -

किच्छा में सरदार एकता संदेश समारोह: लौह पुरुष की प्रतिमा का भव्य लोकार्पण।


किच्छा, 21 मार्च 2026 (सू0वि0) – गंगवार फार्म बरा में आयोजित सरदार एकता संदेश समारोह में संतोष गंगवार ने शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की नवनिर्मित प्रतिमा का लोकार्पण किया।

महामहिम राज्यपाल ने लौह पुरुष सरदार पटेल को नमन करते हुए कहा कि वे भारत के पहले उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री थे, जिन्होंने स्वतंत्रता के बाद 560 से अधिक रियासतों का भारतीय संघ में विलय कर देश को एकजुट करने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने कहा कि यह कार्य विश्व इतिहास में अद्वितीय उदाहरण के रूप में जाना जाता है।

राज्यपाल ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के उधमसिंह नगर में सरदार पटेल की प्रतिमा की स्थापना गौरव का विषय है और यह आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति, एकता और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देगी। उन्होंने उत्तराखंड की भूमि को त्याग, तपस्या, वीरता और राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत बताते हुए कहा कि यहां की समृद्ध संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य समाज को सेवा और समर्पण का मार्ग दिखाते हैं।

सरदार पटेल के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने उन्हें दृढ़ निश्चयी, दूरदर्शी और कुशल प्रशासक बताया। उन्होंने कहा कि पटेल भारतीय प्रशासनिक सेवा के संस्थापकों में रहे और राष्ट्रवादी आंदोलनों के प्रमुख नेता के रूप में उन्होंने बारडोली और खेड़ा सत्याग्रह जैसे आंदोलनों का सफल नेतृत्व किया। उनके लिए राष्ट्र सर्वोपरि था और राष्ट्रीय एकता उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता रही।

राज्यपाल ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखें। साथ ही उन्होंने नरेंद्र मोदी के “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि देश को सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से जोड़ने के प्रयास निरंतर जारी हैं और सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी प्रसाद गंगवार, रेनू गंगवार, सुरेश गंगवार सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।