

मेट्रोपोलिस सिटी के भव्य द्वार और बूम बैरियरों का महापौर विकास शर्मा ने किया उद्घाटन, लड्डुओं से तोलकर किया सम्मान।


रुद्रपुर। शहर की पॉश कॉलोनियों में शुमार मेट्रोपोलिस सिटी में आधुनिकता और सुरक्षा की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया। रविवार को रुद्रपुर नगर निगम के महापौर विकास शर्मा ने नैनीताल रोड स्थित मेट्रोपोलिस सिटी के नवनिर्मित भव्य मुख्य द्वार और अत्याधुनिक बूम बैरियरों का विधिवत पूजा-अर्चना के बाद फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान सोसाइटी की ओर से महापौर का भव्य स्वागत किया गया और उन्हें लड्डुओं से तोलकर सम्मानित किया गया।
मेट्रोपोलिस रेजिडेंशियल वेलफेयर सोसाइटी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में महापौर को पगड़ी पहनाकर और फूलमालाओं से लादकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सोसाइटी पदाधिकारियों और निवासियों ने कॉलोनी के विकास से जुड़ी विभिन्न मांगें भी उनके सामने रखीं।
मांगों को देखते हुए महापौर विकास शर्मा ने कॉलोनी के कुछ प्रमुख मार्गों को हॉट मिक्स सड़क बनाने और सुरक्षा व रोशनी की व्यवस्था मजबूत करने के लिए दो मिनी हाई मास्क लाइटें लगाने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
अपने संबोधन में महापौर ने कहा कि मेट्रोपोलिस सिटी के निवासियों ने आपसी सहयोग और निजी प्रयासों से इस भव्य गेट का निर्माण कर शहर के सामने एक अनुकरणीय उदाहरण पेश किया है। उन्होंने कहा कि इससे कॉलोनी की सुंदरता बढ़ेगी और बूम बैरियरों के कारण सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी।
उन्होंने आगे कहा कि पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में रुद्रपुर को एक आधुनिक और स्मार्ट शहर के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। शहर के विकास के लिए कई बड़ी परियोजनाओं की रूपरेखा तैयार की गई है, जो जल्द ही धरातल पर नजर आएंगी।
सोसाइटी के उपाध्यक्ष विक्रांत फुटेला ने बताया कि मुख्य गेट नंबर-1 लंबे समय से जर्जर था, जिसे अब करीब 45 लाख रुपये की लागत से भव्य रूप दिया गया है। इसमें सुरक्षा के लिए करीब 14 लाख रुपये के अत्याधुनिक बूम बैरियर लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि मेट्रोपोलिस रुद्रपुर की पहली ऐसी सोसाइटी बन गई है, जहां तीनों गेटों पर बूम बैरियर लगाए गए हैं। इसके साथ ही सभी 45 टावर्स का सौंदर्यीकरण और पेंट कार्य भी कराया जा रहा है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व मेयर रामपाल सिंह, अतिविशिष्ट अतिथि डॉ. अनुपमा रवि फुटेला, पार्षद बीनू, पार्षद चिराग कालरा, सोसाइटी अध्यक्ष देवेंद्र शाही, उपाध्यक्ष विक्रांत फुटेला, सचिव सुनील शुक्ला, कोषाध्यक्ष डॉ. वीरपाल सिंह, सदस्य विनय दुबे, रवींद्र सिंह, आदित्य गुप्ता, कार्यक्रम संचालक बिहारी लाल चौहान, मोहन तिवारी, निशांत शाही, जनार्दन सिंह, दिलीप सिंह, ब्रिजेश तिवारी, पुष्पेंद्र, डॉ. रवि फुटेला और हिमांशु मिड्ढा सहित बड़ी संख्या में कॉलोनी निवासी मौजूद रहे।
