उज्ज्वला के सपनों पर गैस संकट की मार, प्रदेश में रसोई से उद्योग तक ठप — सरकार पर बरसे सपा यूथ के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद यादव।

खबरें शेयर करें -

उज्ज्वला के सपनों पर गैस संकट की मार, प्रदेश में रसोई से उद्योग तक ठप — सरकार पर बरसे सपा यूथ के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद यादव।

प्रदेश में रसोई गैस की भारी किल्लत को लेकर समाजवादी पार्टी यूथ के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद यादव ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में रसोई गैस की ऐसी मारामारी मची हुई है कि आम लोगों के साथ-साथ सामाजिक संस्थाएं और उद्योग भी प्रभावित हो रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या में संचालित श्री सीता रसोई तक गैस के अभाव में बंद हो गई, जबकि उत्तरकाशी में दर्जनों कारखानों में उत्पादन ठप हो गया है। इसके बावजूद सरकार लगातार यह दावा कर रही है कि प्रदेश में गैस की कोई कमी नहीं है।

अरविंद यादव ने कहा कि सरकार के दावों और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर कहाँ गया वो ‘उज्ज्वला’ का सपना, जिसका प्रचार कर सरकार ने जनता से बड़े-बड़े वादे किए थे। आज हालात यह हैं कि प्रदेश की जनता दाने-दाने के लिए नहीं, बल्कि खाना पकाने के ईंधन के लिए तरस रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई शहरों और कस्बों में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं और लोगों को खाली सिलेंडर लेकर लौटना पड़ रहा है। इससे साफ है कि सरकार केवल विज्ञापनों और बयानों में चल रही है, जबकि धरातल पर लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सपा यूथ नेता ने सरकार से तत्काल गैस आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग करते हुए कहा कि यदि सरकार प्रदेश की जनता को बुनियादी जरूरतें उपलब्ध नहीं करा सकती, तो उसे सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।