ईदगाह की भूमि पर कथित कब्जे का मामला: पीड़ितों के साथ खड़ी समाजवादी पार्टी, अखिलेश यादव को सौंपी जाएगी रिपोर्ट
रिपोर्ट -महेंद्र पाल मौर्य
रुद्रपुर।
रुद्रपुर स्थित मोहल्ला खेड़ा पहुंचकर समाजवादी पार्टी (युवा) के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद यादव ने वर्षों पुरानी ईदगाह की भूमि पर सरकार द्वारा किए गए कथित कब्जे को लेकर पीड़ित नागरिकों से मुलाकात की।
इस दौरान उन्होंने मौके पर पहुंचकर संबंधित भूमि का निरीक्षण भी किया और पीड़ितों की समस्याएं विस्तार से सुनीं।
अरविंद यादव ने कहा कि यह मामला अत्यंत गंभीर है और इससे जुड़े सभी तथ्यों की विस्तृत रिपोर्ट समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी को सौंपी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि समाजवादी पार्टी पीड़ितों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और ईदगाह की भूमि को बचाने के लिए हर स्तर पर लोकतांत्रिक एवं कानूनी संघर्ष किया जाएगा।
उन्होंने सरकार पर जनभावनाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी किसी भी प्रकार के अन्याय को स्वीकार नहीं करेगी। साथ ही उन्होंने पीड़ित नागरिकों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि पार्टी पूरी मजबूती के साथ उनके अधिकारों की रक्षा करेगी।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष रवि छाबड़ा, महानगर अध्यक्ष शरीफ अंसारी, पूर्व मेयर प्रत्याशी इमरान अंसारी, अमित कुमार (प्रदेश अध्यक्ष, सपा यूथ), अरविंद दिवाकर (प्रदेश अध्यक्ष, बाबा साहब वाहिनी – सपा), पूर्व विधानसभा प्रत्याशी विनोद गौड़ सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
