

महिला उद्यमिता को नई उड़ान, पेट्रोल पंप पर बिकेंगे ग्रामीण महिलाओं के उत्पाद


रुद्रपुर। ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने और उनकी आय बढ़ाने की दिशा में ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। परियोजना के सहयोग से इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) और विकासखंड रुद्रपुर की रुद्रा स्वायत्त सहकारिता समिति के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) संपन्न हुआ है। इस साझेदारी से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए एक नया और स्थायी बाजार उपलब्ध होगा।
एमओयू के तहत Koko Petrol Pump, Near Gautam Hospital, Rudrapur में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों की बिक्री के लिए विशेष आउटलेट स्थापित किया जाएगा। पेट्रोल पंप पर आने वाले ग्राहकों को अब स्थानीय, गुणवत्तापूर्ण और पारंपरिक उत्पाद एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगे। इससे ग्रामीण महिलाओं के उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचेंगे और उनकी बिक्री के नए अवसर खुलेंगे।
ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के सहयोग और मार्गदर्शन में हुई यह साझेदारी महिलाओं को केवल उत्पाद निर्माण तक सीमित रखने के बजाय उन्हें उत्पादन से लेकर विपणन और बाजार तक की पूरी मूल्य श्रृंखला से जोड़ने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। इससे स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को बेहतर बाजार, अधिक ग्राहक और आय के अतिरिक्त अवसर प्राप्त होंगे।
इस अवसर पर रुद्रा स्वायत्त सहकारिता समिति की अध्यक्षा एवं कोषाध्यक्ष, जनपद टीम की ओर से सहायक प्रबंधक–सेल्स तथा आईओसीएल की ओर से सेल्स हेड और डिविजनल हेड मौजूद रहे।
यह पहल ग्रामीण महिलाओं की उद्यमशीलता को नई पहचान देने के साथ उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता, आजीविका संवर्धन और आत्मविश्वास को मजबूत करने में सहायक होगी। संस्थागत एवं निजी क्षेत्र के बाजार से स्वयं सहायता समूहों को जोड़ने वाली यह साझेदारी “महिला सशक्तीकरण से आर्थिक सशक्तीकरण” की दिशा में प्रभावी कदम साबित हो सकती है।

