जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत बैकुंठपुर में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित एक ही छत के नीचे मिलीं सरकारी सेवाएं, लगभग 850 ग्रामीणों ने उठाया लाभ

खबरें शेयर करें -

जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत बैकुंठपुर में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित


एक ही छत के नीचे मिलीं सरकारी सेवाएं, लगभग 850 ग्रामीणों ने उठाया लाभ

सितारगंज, 24 दिसम्बर 2025 (सू0वि0)।

जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत बुधवार को सितारगंज विकासखंड की न्याय पंचायत सिसौना के ग्राम बैकुंठपुर स्थित कृष्णा मंदिर प्रांगण में भव्य बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ तथा ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

शिविर का उद्घाटन करते हुए ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल ने

कहा कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम राज्य सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा सभी पात्र लाभार्थियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का प्रभावी माध्यम हैं।

शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा मौके पर ही आवेदन प्राप्त कर पंजीकरण किया गया तथा अनेक पात्र लाभार्थियों को तत्काल लाभान्वित भी किया गया। कुल 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी गई।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाया गया, जिसमें रोगियों की जांच कर दवाइयों का वितरण किया गया तथा एक्स-रे की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। शिविर में कुल 437 लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं औषधि वितरण किया गया।

शिविर में लगभग 850 लोगों ने सहभागिता की, जिनमें से 597 लोगों को विभिन्न विभागों की योजनाओं से लाभान्वित किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा विभिन्न पेंशन योजनाओं में 70 आवेदन स्वीकृत किए गए, जिनमें विधवा पेंशन के 18 मामले शामिल रहे। गन्ना विभाग द्वारा 15, आयुर्वेद एवं यूनानी विभाग द्वारा 46, आधार अपडेट एवं नए कार्ड 49, यूसीसी के तहत 12 पंजीकरण, 17 आयुष्मान कार्ड, 4 परिवार रजिस्टर नकल, जन्म-मृत्यु पंजीकरण/परिवार रजिस्टर प्रमाण पत्र 14 तथा 6 दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए।

इसके अतिरिक्त श्रम विभाग द्वारा 13 श्रम कार्ड, जननी सुरक्षा योजना में 31 लाभार्थी, कन्या विवाह सहायता योजना में 3 तथा मुख्यमंत्री रोजगार योजना के अंतर्गत 3 लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया गया।