

रुद्रपुर एआरटीओ कार्यालय में निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर, 100 से अधिक वाहन चालकों ने कराया नेत्र परीक्षण
रुद्रपुर, 15 जुलाई। उप संभागीय परिवहन कार्यालय रुद्रपुर में बुधवार को निर्मल आश्रम आई संस्थान, ऋषिकेश के सहयोग एवं सीएसआर पहल के तहत साइट सेवर इंडिया द्वारा वाहन चालकों के लिए निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में विभिन्न शिक्षण संस्थानों, बस यूनियनों के वाहन चालक, परिचालक, परिवहन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी तथा अन्य आगंतुकों सहित 100 से अधिक लोगों ने अपनी आंखों की जांच कराई। नेत्र परीक्षण के बाद जरूरतमंद लाभार्थियों को निःशुल्क चश्मे भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर एआरटीओ (प्रशासन) मोहित कोठारी ने “सही नजर, सुरक्षित जिंदगी” का संदेश देते हुए वाहन चालकों से नियमित अंतराल पर नेत्र परीक्षण कराने और आंखों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सुरक्षित सड़क यात्रा के लिए चालक की अच्छी दृष्टि अत्यंत आवश्यक है। साथ ही उन्होंने निर्मल आश्रम आई संस्थान का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी शिविरों के आयोजन की उम्मीद जताई।
शिविर में निर्मल आश्रम आई संस्थान की ओर से डॉ. आरुष, वसीम (मार्केटिंग हेड), संजय छोकरा (आईटी हेड) और मनोज मौजूद रहे। वहीं परिवहन विभाग की ओर से परिवहन कर अधिकारी तारकेन्द्र वैष्णव, परिवहन उप निरीक्षक गोकुल सिंह सुप्याल, मनोज भंडारी, सहायक परिवहन उप निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



