

बाजपुर सिविल न्यायालय में विजिलेंस का छापा, 3,500 रुपये की कथित रिश्वत लेते दीवानी नाजिर शाखा का कर्मचारी गिरफ्तार
बाजपुर। ऊधम सिंह नगर के बाजपुर स्थित सिविल न्यायालय में गुरुवार को सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दीवानी नाजिर शाखा में तैनात कर्मचारी ओम बाबू को 3,500 रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद न्यायालय परिसर में कुछ समय के लिए हड़कंप का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता शाहिद पुत्र शाहिद, निवासी वार्ड नंबर-2, बाजपुर ने विजिलेंस से शिकायत की थी कि चेक बाउंस के एक मामले में दोनों पक्षों के बीच पहले ही राजीनामा हो चुका है। आरोप है कि इसके बावजूद केस समाप्त कराने की प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर संबंधित कर्मचारी ने 3,500 रुपये की रिश्वत की मांग की।
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने आरोपों का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और आरोपी कर्मचारी को कथित रूप से रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान न्यायालय परिसर में मौजूद कुछ अधिवक्ताओं ने विजिलेंस अधिकारियों से कार्रवाई की जानकारी मांगी। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जिससे कुछ देर के लिए हंगामे जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित कर शांत कराया।
विजिलेंस की इस कार्रवाई के बाद न्यायालय परिसर में पूरे दिन चर्चा का माहौल बना रहा। आरोपी कर्मचारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।



