

इंजीनियर की पिटाई पर भाकपा(माले) का भाजपा पर हमला, बोली- उत्तराखंड में कायम हो गया ‘गुंडाराज’


रुद्रपुर, 7 सितंबर। बाजपुर में सरकारी विभाग के इंजीनियर के साथ भाजपा नेता और उनके समर्थकों द्वारा कथित मारपीट के मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है। भाकपा(माले) ने घटना पर तीखी प्रतिक्रिया जताते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
भाकपा(माले) के जिला सचिव ललित मटियाली ने जारी प्रेस बयान में भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में ‘जंगलराज और गुंडाराज’ कायम हो चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता खुद को संविधान और कानून से ऊपर समझकर सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों तक से मारपीट कर रहे हैं।
मटियाली ने कहा कि यदि इंजीनियर के कार्य में कोई अनियमितता या लापरवाही थी तो इसकी शिकायत सरकार, संबंधित मंत्री, विधायक या जिलाधिकारी से की जा सकती थी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कानून पुलिस को भी किसी व्यक्ति से मारपीट करने की इजाजत नहीं देता, तो राजनीतिक नेताओं को कानून हाथ में लेने का अधिकार कैसे मिल गया?
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नाकामियों का जिम्मा एक इंजीनियर पर डालकर उसकी पिटाई करना जनता की आंखों में धूल झोंकने जैसा है। शहरों और मोहल्लों में जलभराव का जिक्र करते हुए उन्होंने ‘स्मार्ट सिटी’, ‘अच्छे दिन’ और ‘विकसित भारत’ जैसे नारों पर भी सवाल उठाए।
भाकपा(माले) ने मांग की कि इंजीनियर के साथ मारपीट करने वाले सभी आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर मुकदमा दर्ज किया जाए और तत्काल गिरफ्तारी की जाए।
@CPIMLUttarakhand @UttarakhandPolice @DmUdhamsinghnagar
#बाजपुर #इंजीनियर_पिटाई #भाकपा_माले #ललित_मटियाली #भाजपा #उत्तराखंड #गुंडाराज #सरकारी_कर्मचारी #UttarakhandNews

