ग्राम पंचायत उपचुनाव की तैयारी पूरी: 20 नवंबर को होगा मतदान, 22 को मतगणना।

खबरें शेयर करें -

ग्राम पंचायत उपचुनाव की तैयारी पूरी: 20 नवंबर को होगा मतदान, 22 को मतगणना

 

रुद्रपुर, 11 नवंबर 2025 (सू0वि0):

राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के अनुसार जनपद ऊधमसिंह नगर में रिक्त सदस्य ग्राम पंचायतों के पदों पर उप निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि चुनाव कार्यक्रम आयोग द्वारा निर्धारित समय-सारणी के अनुसार संपन्न कराया जाएगा।

 

निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, 13 और 14 नवंबर को प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। 15 नवंबर को नाम निर्देशन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि 16 नवंबर को प्रातः 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी की जा सकेगी। इसके बाद उसी दिन अपराह्न 3 बजे से कार्य समाप्ति तक प्रतीक चिन्हों का आवंटन किया जाएगा।

 

मतदान 20 नवंबर को प्रातः 8 बजे से अपराह्न 5 बजे तक कराया जाएगा, वहीं मतगणना 22 नवंबर को प्रातः 8 बजे से शुरू होगी।

 

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि उपचुनाव से जुड़े सभी कार्य—नामांकन, नाम वापसी, प्रतीक चिन्ह आवंटन एवं मतगणना—संबंधित क्षेत्र पंचायत मुख्यालयों पर संपन्न होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि सदस्य ग्राम पंचायत के प्रत्याशियों के नाम निर्देशन पत्रों की बिक्री खंड विकास कार्यालयों में 11 नवंबर से 14 नवंबर अपराह्न 3 बजे तक निर्वाचन अधिकारी एवं सहायक निर्वाचन अधिकारियों द्वारा की जाएगी।