

*ट्रांजिट कैंप में राशन क्रांति: विधायक शिव अरोड़ा ने बढ़ाई सस्ता गल्ला दुकानों की उम्मीदें*


रुद्रपुर में ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के भ्रमण के दौरान विधायक शिव अरोड़ा ने स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं के साथ सस्ता गल्ला की दुकान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें पता चला कि 5 हजार से अधिक राशन कार्ड धारकों को सस्ता गल्ला दुकान स्वामी द्वारा राशन वितरण किया जाता है, लेकिन लंबी कतारें देखकर विधायक शिव अरोड़ा काफी नाराज हुए।
*लंबी कतारें और धूप में खड़े होने से परेशान होते हैं लोग*
विधायक शिव अरोड़ा ने लाइन में खड़े महिलाओं, बुजुर्गों से बात की और पता चला कि तीन-तीन दिन तक लोगों को राशन लेने के लिए लाइन में लगना पड़ता है, जिससे दिहाड़ी मजदूरों और श्रमिकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। घंटों धूप में खड़े होने के बाद तब जाकर राशन उपलब्ध हो पाता है।
*विधायक शिव अरोड़ा ने सस्ता गल्ला स्वामी को दी सख्त हिदायत*
विधायक शिव अरोड़ा ने सस्ता गल्ला स्वामी को उनकी वितरण प्रणाली पर खासा नाराजगी जाहिर की और सख्त हिदायत दी कि आमजन की सुविधा के लिए यहां कोई पुख्ता इंतजाम नहीं है। लोगों को धूप में लंबी कतारों में खड़े होने से बचाने के लिए वितरण काउंटर बढ़ाने के निर्देश दिए।
*जल्द होगी जिला अधिकारी से मुलाकात*
विधायक शिव अरोड़ा ने रुद्रपुर एसडीएम से दूरभाष पर बात की और कहा कि ट्रांजिट कैंप जो घनी आबादी वाला क्षेत्र है, यहां एक सस्ता गल्ला दुकान पर 5000 से अधिक कार्ड धारक हैं। ऐसे में लोगों को खासा दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जिला अधिकारी से इस गंभीर विषय को लेकर मंगलवार को मुलाकात का समय निर्धारित किया है, जिसमें वह यहां के लोगों के साथ जिला अधिकारी से वार्ता करेंगे और ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में राशन डिपो की संख्या बढ़ाने व वितरण में आ रही समस्या को लेकर मुलाकात करेंगे।
*ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में जल्द बढ़ेंगी सस्ता गल्ला की दुकानें*
विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फ्री राशन योजना का लाभ हर गरीब को मिले और उनको ऐसी कठिनाई का सामना न करना पड़े, इसके लिए स्थायी निष्कर्ष निकाला जाएगा। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में जल्द सस्ता गल्ला की दुकानें बढ़ाई जाएंगी, जिससे लोगों को उनके नजदीक के क्षेत्र में राशन उपलब्ध हो सके और लंबी कतारों में न लगना पड़े।
