

दो माह से लापता नाबालिग की बरामदगी नहीं, 10 सितंबर को बड़े प्रदर्शन का ऐलान
सितारगंज, 7 सितंबर। 6 जुलाई से लापता नाबालिग बालिका की दो माह से अधिक समय बीतने के बाद भी बरामदगी नहीं होने पर परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। भाकपा(माले) कार्यकर्ताओं और जागरूक युवाओं ने बैठक कर बालिका की सकुशल वापसी की मांग को लेकर 10 सितंबर को शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से बड़ा प्रदर्शन करने का निर्णय लिया।
भाकपा(माले) नेता अनिता अन्ना ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मामले की जांच मोबाइल लोकेशन तक सीमित होकर रह गई है। उन्होंने कहा कि सितारगंज क्षेत्र से लगातार बालिकाओं के गायब होने की सूचनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में इन घटनाओं के पीछे किसी संगठित गिरोह की भूमिका की आशंका की भी गंभीरता से जांच की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि संबंधित व्यक्ति और उसके परिजनों के बारे में जानकारी होने के बावजूद दो माह से अधिक समय में बालिका का पता नहीं लग पाना गंभीर मामला है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जांच में तेजी लाकर बालिका को जल्द सकुशल बरामद करने की मांग की।
विष्णु पदसाना ने कहा कि बालिका की जल्द सकुशल वापसी नहीं हुई तो 10 सितंबर को बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।
बैठक के बाद आंदोलन के संचालन के लिए 15 सदस्यीय संयोजन समिति का गठन किया गया। सर्वसम्मति से विष्णु पदसाना को अध्यक्ष और अनिता अन्ना को सचिव चुना गया। समिति में रिजवान, सलमान, धीरज कुमार, फिरोज अंसारी, मोहम्मद हुसैन, इस्लाम नवी, जुनैद सिद्दकी, साहिल खान, फैज खान, विशाल, अनस अंसारी, मोहम्मद, शानू और धर्मेंद्र को सदस्य बनाया गया।
समिति ने कहा कि 10 सितंबर का आंदोलन शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से किया जाएगा। बैठक में धीरज कुमार, लक्ष्मी, शबीना, राजू, बादल, आविद अली, रहोर खान, फिरोज, आनस, अनस, फैज खान, शकील खान, फिरदोश खातून, इस्लाम नवी, विष्णु पदसाना, जुनैद सिद्दकी, सोनू, फरहान, सतीक अहमद और मोहनी देवी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



