

डीएम के निर्देश पर रुद्रपुर में परिवहन विभाग का बड़ा अभियान — 75 वाहनों पर कार्रवाई, 5 सीज।


रुद्रपुर, सिडकुल, किच्छा, खटीमा और सितारगंज क्षेत्रों में जिला अधिकारी के निर्देशानुसार परिवहन विभाग ने मंगलवार को सघन चेकिंग अभियान चलाकर नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। अभियान 17 मार्च 2026 को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नवीन सिंह के नेतृत्व में संचालित किया गया।
चेकिंग के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने विभिन्न मार्गों पर वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों, फिटनेस, टैक्स, ड्राइविंग लाइसेंस और ओवरलोडिंग की जांच की। जांच में बड़ी संख्या में वाहन नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, जिस पर तत्काल प्रवर्तन कार्रवाई की गई।
इस दौरान कुल 75 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जिनमें से 5 वाहनों को गंभीर अनियमितताओं के चलते सीज किया गया। सीज किए गए वाहनों में 2 वाहन बिना फिटनेस प्रमाण पत्र के चलते पाए गए, 1 वाहन बिना टैक्स के संचालित हो रहा था, जबकि 2 वाहन ओवरलोडिंग और बिना ड्राइविंग लाइसेंस के चलते जब्त किए गए।
इसके अलावा 70 वाहनों का चालान किया गया, जिनमें ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट वाहन चलाना, नो पार्किंग में वाहन खड़ा करना और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन शामिल रहा। विभाग की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति देखी गई।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नवीन सिंह ने कहा कि बिना फिटनेस, बिना टैक्स और ओवरलोड वाहन चलाना न केवल अवैध है बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे रखें और यातायात नियमों का पालन करें, अन्यथा भविष्य में और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान परिवहन उप निरीक्षक गोकुल सुप्याल, सहायक निरीक्षक महेंद्र सिंह बोरा, गणेश जोशी सहित विभाग की टीम सक्रिय रूप से मौजूद रही और पूरे अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
