रुद्रप्रयाग में दिल दहला देने वाली वारदात: पत्नी और 9 साल के बेटे की हत्या कर फरार हुआ आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार।

खबरें शेयर करें -

रुद्रप्रयाग में दिल दहला देने वाली वारदात: पत्नी और 9 साल के बेटे की हत्या कर फरार हुआ आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार।

रुद्रप्रयाग जनपद के सुमाड़ी क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने घरेलू विवाद के चलते अपनी साथी महिला और उसके 9 वर्षीय बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसे पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गहन जांच के बाद दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।

6 मार्च 2026 को शाम करीब 7:33 बजे जखोली चौकी प्रभारी को फोन के माध्यम से सूचना मिली। सूचना देने वाले योगेंद्र सिंह पुत्र स्व. अमर सिंह निवासी सुमाड़ी, पोस्ट तिलवाड़ा, थाना व जिला रुद्रप्रयाग ने बताया कि उनके हाइडिल कॉलोनी के पास स्थित मकान में करीब एक माह से दीपक बहादुर नाम का नेपाली व्यक्ति अपनी पत्नी और लगभग 9 वर्षीय बेटे के साथ किराए पर रह रहा था।

स्थानीय लोगों ने मकान के आसपास से तेज दुर्गंध आने की जानकारी दी। इसके बाद मकान मालिक अपने परिचितों के साथ कमरे पर पहुंचे तो देखा कि दरवाजा खुला था और अंदर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। कमरे से सड़ांध की तीखी बदबू आ रही थी। अंदर जाकर देखने पर दीपक बहादुर की पत्नी और उसका बेटा जमीन पर कंबल के अंदर मृत अवस्था में पड़े मिले, जबकि दीपक बहादुर मौके से फरार था।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मोबाइल फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा गया।

इस मामले में 7 मार्च 2026 को कोतवाली रुद्रप्रयाग में मुकदमा संख्या 12/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत आरोपी दीपक बहादुर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी और मामले के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देश पर निरीक्षक राकेन्द्र सिंह कठैत और उपनिरीक्षक जयवीर सिंह रावत के नेतृत्व में दो पुलिस टीमों का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और लगातार तलाश के बाद आरोपी दीपक बहादुर उर्फ दिल बहादुर पुत्र स्व. बल बहादुर निवासी वेस्टडा वार्ड नंबर 4, गांव पालिका भगवती माई, थाना वेस्टडा, जिला दैलेख (नेपाल) हाल निवासी किरायेदार सुमाड़ी रुद्रप्रयाग को 8 मार्च 2026 की शाम दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले से शादीशुदा है और उसकी पत्नी तथा तीन बच्चे नेपाल में रहते हैं। मृतका कमला शाही भी पहले से शादीशुदा थी और उसके दो बच्चे थे, जिनमें से एक रोशन सिंह (मृतक) था। वर्ष 2025 में दोनों की पहचान फेसबुक के माध्यम से हुई थी। इसके बाद दोनों पति-पत्नी की तरह साथ रहने लगे। पहले वे उत्तरकाशी के मोरी क्षेत्र में रहते थे और करीब एक महीने से रुद्रप्रयाग के सुमाड़ी में किराए के कमरे में रह रहे थे।

आरोपी ने बताया कि दोनों के बीच अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर झगड़ा होता रहता था। 4 मार्च 2026 की शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच वह कमरे पर लौटा तो घरेलू विवाद के चलते दोनों में कहासुनी और हाथापाई हो गई। गुस्से में आकर उसने कमला शाही का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने उसके बेटे रोशन का भी गला दबाकर मार डाला और दोनों शवों को कंबल से ढककर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। इस पूरे मामले के खुलासे में रुद्रप्रयाग पुलिस, एसओजी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।