किसान सुखवंत सिंह आत्महत्या मामला: कांग्रेस ने डीजीपी से की मुलाकात, निष्पक्ष न्यायिक जांच और जिम्मेदार अफसरों को हटाने की मांग

खबरें शेयर करें -

किसान सुखवंत सिंह आत्महत्या मामला: कांग्रेस ने डीजीपी से की मुलाकात, निष्पक्ष न्यायिक जांच और जिम्मेदार अफसरों को हटाने की मांग।

उधमसिंह नगर। जनपद के पैगा गांव निवासी किसान स्वर्गीय सुखवंत सिंह की आत्महत्या की घटना को कांग्रेस ने अत्यंत दुखद, हृदयविदारक और घोर निंदनीय बताया है। इस मामले को लेकर प्रदेश की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के नेतृत्व में कांग्रेस के एक प्रतिनिधि मंडल ने पुलिस महानिदेशक से मुलाकात कर पूरे प्रकरण में निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय न्यायिक जांच की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने डीजीपी के समक्ष स्पष्ट तौर पर कहा कि यह मामला केवल एक किसान की आत्महत्या का नहीं, बल्कि सिस्टम की विफलता का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित किसान पर जिस तरह का दबाव बनाया गया, उसकी जिम्मेदारी तय किए बिना सच्चाई सामने नहीं आ सकती। प्रतिनिधि मंडल ने इस प्रकरण में भूमिका निभाने वाले पुलिस अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से पद से हटाने की भी मांग उठाई, ताकि जांच किसी भी प्रकार के दबाव या प्रभाव से मुक्त होकर हो सके। कांग्रेस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम में सरकार और पुलिस विभाग की भूमिका गंभीर सवालों के घेरे में है। आरोप लगाया गया कि सत्ता पक्ष सच्चाई सामने लाने के बजाय अपने चहेतों को बचाने में जुटा हुआ है, जिससे पीड़ित परिवार को न्याय मिलने में देरी हो रही है। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से सदन तक मजबूती से उठाएगी। कांग्रेस नेतृत्व ने दो टूक कहा कि पार्टी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और सच्चाई को जनता के सामने लाने के लिए पूरी ताकत के साथ अपनी लड़ाई जारी रखेगी। इस मामले को लेकर आने वाले दिनों में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल और तेज होने के संकेत भी दिए गए हैं।