*आशा वर्कर्स की मांगों को लेकर ऐक्टू ने तेज की तैयारी, 28 दिसंबर को हल्द्वानी में होगा राज्य सम्मेलन*
रुद्रपुर, 9 दिसंबर 2025। उत्तराखंड आशा हेल्थ वर्कर्स यूनियन (ऐक्टू) की जिला कमेटी की मीटिंग आज किच्छा बाईपास स्थित ऐक्टू कार्यालय में हुई। बैठक में राज्य उपाध्यक्ष रीता कश्यप ने बताया कि 28 दिसंबर को हल्द्वानी में यूनियन का राज्य सम्मेलन होगा, जिसमें सभी ब्लॉकों के पदाधिकारी शामिल होंगे। सम्मेलन में आशाओं की मांगें, नए श्रम कोड्स के खिलाफ संघर्ष और नई राज्य परिषद का गठन प्रमुख एजेंडा रहेगा।
यूनियन की जिला अध्यक्ष ममता पानू ने कहा कि 2011 से यूनियन आशा वर्कर्स के शोषण के खिलाफ लड़ रही है और कई संघर्षों में जीत हासिल की है। लेकिन शोषण तभी बढ़ता है जब यूनियन कमजोर होती है, इसलिए इसे और मजबूत करना जरूरी है।
यूनियन की उपसचिव अनिता अन्ना ने केंद्र सरकार के नए 4 श्रम कोड्स की आलोचना की, जो श्रमिक विरोधी हैं और आशा, आंगनबाड़ी, निर्माण मजदूरों के अधिकार खत्म कर रहे हैं। उन्होंने इन कोड्स के खिलाफ एकजुट संघर्ष का आह्वान किया। बैठक में रीता कश्यप, ममता पानू, अनीता अन्ना, अन्नू, रेखा यादव, सरमिन सिद्दीकी, सुधा शर्मा, स्नेहलता चौहान, लक्ष्मी रावत, काजल मिस्त्री समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे।
