AI के कथित दुरुपयोग पर पूर्व विधायक ठुकराल का बड़ा आरोप, बोले—फर्जी पहचान बनाकर मेरी छवि धूमिल करने की कोशिश

AI के कथित दुरुपयोग पर पूर्व विधायक ठुकराल का बड़ा आरोप, बोले—फर्जी पहचान बनाकर मेरी छवि धूमिल करने की कोशिश


रुद्रपुर। पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों द्वारा फर्जी पहचान बनाकर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) तकनीक का दुरुपयोग करते हुए उनके खिलाफ दुष्प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि AI के माध्यम से उनके फर्जी चित्र तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे हैं, जिससे उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

मीडिया से बातचीत में ठुकराल ने दावा किया कि संदीप सिंह और बिट्टू ठुकराल नाम से बनाई गई कथित फर्जी पहचान के जरिए उनके फर्जी चित्र तैयार किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि संदीप सिंह की कथित फर्जी पहचान से AI के माध्यम से तैयार तस्वीर में उन्हें गोल टोपी पहने दिखाया गया, जबकि बिट्टू ठुकराल नाम की कथित फर्जी पहचान में आरकेटी लिखा डंपर दिखाया गया है। ठुकराल के मुताबिक इन तस्वीरों के जरिए समाज में उनकी छवि को खराब करने का प्रयास किया गया।

उन्होंने कहा कि वह सभी धर्मों का सम्मान करते आए हैं और स्वयं को सनातन धर्म में आस्था रखने वाला सच्चा हिंदू मानते हैं। ठुकराल ने बताया कि मामले को लेकर वह पूर्व में एसएसपी, एसपी, सीओ, एलआईयू और साइबर अपराध कार्यालय में शिकायत कर चुके हैं, लेकिन काफी समय बीतने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

पूर्व विधायक ने कहा कि अब वह इस मामले को उच्च न्यायालय के समक्ष रखेंगे और संबंधित पुलिस अधिकारियों से जवाब मांगेंगे। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की पहचान का फर्जी इस्तेमाल कर AI के जरिए उसकी तस्वीर या सामग्री तैयार करके प्रसारित की जा सकती है तो यह गंभीर विषय है। उन्होंने AI तकनीक के बढ़ते दुरुपयोग पर चिंता जताते हुए कहा कि इसका इस्तेमाल किसी व्यक्ति की सामाजिक छवि खराब करने के साथ-साथ उसे मानसिक रूप से परेशान करने के लिए भी किया जा सकता है।

ठुकराल ने आरोप लगाया कि कुछ लोग AI का इस्तेमाल इस तरह करना चाहते हैं जिससे लोगों को नुकसान पहुंचे और उन्हें आत्महत्या जैसे गंभीर कदम उठाने के लिए मजबूर करने वाली परिस्थितियां तक पैदा हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि AI के दुरुपयोग को लेकर दुनिया के कई देशों में नियमन और नियंत्रण पर गंभीरता से काम किया जा रहा है और भारत में भी इस दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाने की जरूरत है।

राजनीतिक घटनाक्रम का जिक्र करते हुए ठुकराल ने कहा कि AI के माध्यम से उन्हें कुर्सी के साथ दिखाते हुए भी कुछ चित्र तैयार कर प्रसारित किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2022 में उनके राजनीतिक भविष्य को समाप्त करने का प्रयास किया गया था। इसके बावजूद उन्होंने भाजपा के साथ विश्वासघात नहीं किया। उन्होंने कहा कि उनके पास कांग्रेस का टिकट था, लेकिन उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर विधानसभा चुनाव लड़ा और करीब तीन साल तक इंतजार किया।

नगर निगम चुनाव का जिक्र करते हुए ठुकराल ने आरोप लगाया कि उस दौरान भी उनके साथ धोखा हुआ। उन्होंने दावा किया कि यदि वह और उनके भाई संजय ठुकराल नगर निगम चुनाव में भाजपा प्रत्याशी विकास शर्मा के समर्थन में सामने नहीं आते तो आज विकास शर्मा महापौर नहीं होते।

ठुकराल ने भाजपा सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में महंगाई बढ़ने से आम आदमी की परेशानी बढ़ी है और रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। वहीं किच्छा और सिरौलीकलां में प्रस्तावित निकाय चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से जो भी आदेश और जिम्मेदारी दी जाएगी, उसका वह पालन करेंगे।

#Rudrapur #RajkumarThukral #AI #ArtificialIntelligence #CyberCrime #Congress #Uttarakhand #RudrapurNews #साइबर_अपराध #राजकुमार_ठुकराल