

बिना मान्यता चल रहे मिशन एकेडेमी स्कूल पर प्रशासन सख्त, तत्काल विद्यालय बंद करने का नोटिस
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने बिना मान्यता संचालित किए जा रहे मिशन एकेडेमी स्कूल, खेड़ा रुद्रपुर के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए विद्यालय को तत्काल बंद करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में उप शिक्षा अधिकारी, रुद्रपुर द्वारा 1 जुलाई 2026 को पत्रांक 655-59/मान्यता/2026-27 जारी किया गया है।
जारी नोटिस में कहा गया है कि विद्यालय बिना मान्यता के संचालित किया जा रहा है, जबकि शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 की धारा 18(1) के अनुसार किसी भी निजी विद्यालय को सक्षम प्राधिकारी से मान्यता प्राप्त किए बिना स्थापित अथवा संचालित नहीं किया जा सकता। ऐसे में बिना मान्यता विद्यालय संचालन कानून का उल्लंघन है।
नोटिस में यह भी आरोप लगाया गया है कि विद्यालय प्रबंधन अभिभावकों से स्थानांतरण प्रमाणपत्र (टीसी) जारी करने के नाम पर अवैध रूप से शुल्क वसूल रहा है तथा बिना वैध मान्यता के टीसी भी जारी किए जा रहे हैं। विभाग ने इसे विद्यार्थियों के भविष्य के साथ गंभीर खिलवाड़ बताया है।
उप शिक्षा अधिकारी ने पत्र में उल्लेख किया है कि इससे पूर्व 21 मई 2026 को भी पंजीकृत डाक के माध्यम से विद्यालय प्रबंधन को नोटिस भेजा गया था, लेकिन प्रबंधन द्वारा उसे प्राप्त नहीं किया गया। इसके बाद पुनः अंतिम चेतावनी जारी करते हुए विद्यालय को तत्काल बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि विद्यालय संचालन तत्काल बंद नहीं किया गया तो विद्यालय प्रबंधन के विरुद्ध प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी विद्यालय प्रबंधन की होगी।
इस नोटिस की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी रुद्रपुर तथा मुख्य शिक्षा अधिकारी, ऊधम सिंह नगर को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।



