

देवभूमि की छवि बिगाड़ने वालों पर लगे लगाम, सोशल मीडिया पर अभद्रता के खिलाफ पहाड़ी आर्मी महिला मोर्चा की आपात बैठक।

सोशल मीडिया के माध्यम से फैल रही अभद्रता और अराजकता के मुद्दे को लेकर पहाड़ी आर्मी महिला मोर्चा ने कड़ा रुख अपनाया है। इसी क्रम में आज पहाड़ी आर्मी की जिला अध्यक्ष प्रेमा मेर की अध्यक्षता में एक आपात बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रेमा मेर ने कहा कि डिजिटल मीडिया आधुनिक युग का आईना है और यह संविधान द्वारा प्रदत्त अभिव्यक्ति की आज़ादी का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। लेकिन कुछ लोग इस आज़ादी का गलत इस्तेमाल कर समाज में अराजकता फैलाने का काम कर रहे हैं, जो देवभूमि के संस्कारों और परंपराओं के बिल्कुल विपरीत है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर कुछ महिलाओं द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए समाज में भ्रम और विवाद की स्थिति पैदा की जा रही है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
जिला उपाध्यक्ष नीमा भट्ट और अंजू पांडेय ने कहा कि महिलाएं समाज की प्रथम पाठशाला होती हैं। एक महिला घर से लेकर पूरे देश को संभालने की क्षमता रखती है, लेकिन वर्तमान समय में सोशल मीडिया के माध्यम से जो नकारात्मक उदाहरण सामने आ रहे हैं, उनका दूरगामी प्रभाव समाज पर पड़ सकता है। इसलिए इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाना बेहद आवश्यक है।
वहीं नगर अध्यक्ष कविता जीना ने कहा कि आजकल कुछ लोग इनफ्लुएंसर और ब्लॉगर के नाम पर सामाजिक अराजकता फैला रहे हैं। व्यूज और लाइक्स की होड़ में राज्य की छवि को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, जिससे समाज में गलत संदेश जा रहा है।
महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने शासन-प्रशासन से मांग की कि सोशल मीडिया के दुरुपयोग को रोकने के लिए स्पष्ट गाइडलाइन बनाई जाए और अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि समाज में अनुशासन और मर्यादा बनी रहे।
