सड़क दुर्घटनाओं पर लगेगी वैज्ञानिक लगाम: रुद्रपुर में हुआ क्रैश इन्वेस्टिगेशन प्रशिक्षण, 200 से अधिक अधिकारी हुए प्रशिक्षित।

खबरें शेयर करें -

सड़क दुर्घटनाओं पर लगेगी वैज्ञानिक लगाम: रुद्रपुर में हुआ क्रैश इन्वेस्टिगेशन प्रशिक्षण, 200 से अधिक अधिकारी हुए प्रशिक्षित।

रुद्रपुर, 11 मार्च 2026।

सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने और उनके कारणों का वैज्ञानिक विश्लेषण करने के उद्देश्य से सहायक सम्भागीय परिवहन कार्यालय, ऊधमसिंहनगर की ओर से होटल वीनस, रामपुर रोड रुद्रपुर में सड़क दुर्घटनाओं का वैज्ञानिक विश्लेषण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) डॉ. गुरुदेव सिंह द्वारा मुख्य अतिथि जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, विशिष्ट अतिथि संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव कुमार मेहरा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति तथा अन्य गणमान्य अतिथियों का स्वागत कर दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

कार्यक्रम में जेपी रिसर्च इंडिया लिमिटेड के विशेषज्ञ सुमित दुल ने प्रतिभागियों को साइंटिफिक क्रैश इन्वेस्टिगेशन ऑफ एक्सीडेंट विषय पर विस्तृत जानकारी दी। वहीं परिवहन विभाग के सहायक निदेशक (सड़क सुरक्षा) संगले ने उत्तराखंड में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति और रोड सेफ्टी के समग्र परिदृश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला।

इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से दुर्घटनाओं का वैज्ञानिक विश्लेषण कर उनके कारणों को समझा जा सकता है और भविष्य में प्रभावी रोकथाम संभव है। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण के दौरान अधिक से अधिक प्रश्न पूछकर विषय की गहराई से जानकारी लेने का आह्वान किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने अपने संबोधन में कहा कि सभी थाना प्रभारी दुर्घटनाओं के कारणों की बारीकियों को समझें और अपने दैनिक कार्यों में इन जानकारियों का उपयोग कर दुर्घटनाओं की रोकथाम में प्रभावी भूमिका निभाएं।

संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव कुमार मेहरा ने कहा कि इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील ऊधमसिंहनगर जनपद में सड़क हादसों की संख्या को न्यूनतम करना है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को दुर्घटना विश्लेषण की आधुनिक तकनीकों, डिजिटल उपकरणों के उपयोग तथा त्वरित रिपोर्टिंग प्रणाली के बारे में प्रशिक्षण दिया गया, जिससे दुर्घटनाओं के वास्तविक कारणों की पहचान कर ठोस सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें। साथ ही सभी विभागों के बीच समन्वय बढ़ाकर सड़क सुरक्षा को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।

इस कार्यक्रम में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी हल्द्वानी, ऊधमसिंहनगर, काशीपुर और टनकपुर के साथ-साथ लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग खंड, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, विद्युत विभाग, पुलिस विभाग के निरीक्षक, स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर और फार्मासिस्ट, राजस्व विभाग, वन विभाग, पूर्ति विभाग, शिक्षा विभाग, जिला आपदा प्रबंधन, नगर निगम के अधिकारी, उत्तराखंड परिवहन निगम के प्रबंधक और सहायक प्रबंधक, चालक प्रशिक्षण संस्थानों के प्रशिक्षक तथा वाहन डीलरों सहित 200 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को जिलाधिकारी ऊधमसिंहनगर, संयुक्त परिवहन आयुक्त और सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) हल्द्वानी की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

अंत में सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) हल्द्वानी अरविंद पांडेय ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।