“एसपी निहारिका तोमर ने ठगों के मंसूबों पर फेरा पानी: केदारनाथ यात्रियों को लूटने वाले 265 फर्जी प्लेटफॉर्म ध्वस्त!”

खबरें शेयर करें -

“एसपी निहारिका तोमर ने ठगों के मंसूबों पर फेरा पानी: केदारनाथ यात्रियों को लूटने वाले 265 फर्जी प्लेटफॉर्म ध्वस्त!”


रुदप्रयाग – केदारनाथ धाम यात्रा से पहले श्रद्धालुओं को निशाना बनाने की साजिश रच रहे साइबर ठगों के खिलाफ रुद्रप्रयाग पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। एसपी नीहारिका तोमर ने ठगों के नापाक मंसूबों पर पूरी तरह पानी फेरते हुए 265 फर्जी वेबसाइट, सोशल मीडिया पेज, मोबाइल नंबर और बैंक खातों पर करारा प्रहार किया है।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर गठित “साइबर फ्रॉड कॉम्बैट फोर्स” ने इस पूरे अभियान को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, हर साल यात्रा से पहले साइबर गिरोह हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग के नाम पर फर्जी वेबसाइट, Facebook पेज और Instagram अकाउंट बनाकर श्रद्धालुओं को ठगने की कोशिश करते हैं।

इस कार्रवाई में 111 संदिग्ध फेसबुक पेज चिन्हित किए गए, जिनमें से 106 को हटाया जा चुका है। वहीं 16 इंस्टाग्राम अकाउंट्स को भी रिपोर्ट कर जांच शुरू कर दी गई है। साइबर ठगी में इस्तेमाल हो रहे 110 मोबाइल नंबरों में से 55 को ब्लॉक कर दिया गया है, जबकि बाकी नंबरों पर कार्रवाई जारी है।

पुलिस ने 6 बैंक खातों की भी पहचान की, जिनमें से एक खाते को तुरंत डेबिट फ्रीज कर दिया गया है। साथ ही हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर चल रही 22 फर्जी वेबसाइट्स को चिन्हित कर डोमेन रजिस्ट्रार को रिपोर्ट भेजी गई है।

एसपी नीहारिका तोमर ने साफ संदेश दिया है कि केदारनाथ यात्रा के लिए टिकट केवल अधिकृत वेबसाइट से ही बुक करें। किसी भी अनजान लिंक, सोशल मीडिया विज्ञापन या व्हाट्सएप मैसेज के झांसे में आने से बचें।

पुलिस ने हेल्पलाइन 1930 जारी रखते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें। इस सख्त कार्रवाई से यह साफ हो गया है कि इस बार केदारनाथ यात्रा में साइबर ठगों की कोई चाल कामयाब नहीं होने दी जाएगी।