*तरुण खन्ना बने मुख्य अतिथि, जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल में “वाइब्रेशन्स 3.0” का भव्य आयोजन*
जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, डिब्डिबा, बिलासपुर में 22 नवंबर 2025 को वार्षिक समारोह “वाइब्रेशन्स 3.0” का आयोजन अत्यंत उल्लास और गरिमा के साथ किया गया। इस वर्ष का विषय “नवांकुर – विज़न फॉर 2030” रहा, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में सृजनशीलता, एकता और सतत विकास के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था।
प्रसिद्ध फिल्म एवं टेलीविज़न अभिनेता श्री तरुण खन्ना कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे, जबकि श्री निपुण गोयनका, प्रबंध निदेशक – जी.डी. गोयनका ग्रुप विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों का विद्यालय प्रबंधन द्वारा पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ “द गोयनकन ग्लोरी” और “प्रकाश स्तंभ – The Illumination of Wisdom” के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने “शिक्षा – द लाइट विदिन”, “समानता – डांस फॉर इक्वालिटी”, “शांति सूत्र – द पाथ ऑफ जस्टिस” और “रंग भारत के” जैसी प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षा, समानता, न्याय और एकता का संदेश दिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रूपाली पुरी ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों, नवाचारों और विद्यार्थियों की प्रगति का विस्तृत विवरण दिया। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी।
मुख्य अतिथि श्री तरुण खन्ना ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और अनुशासन की प्रशंसा करते हुए कहा कि “गोयनकन विद्यार्थी आने वाले भारत के उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक हैं।” समारोह में मेधावी छात्रों को पुरस्कारों से सम्मानित किया गया, जिसने समारोह को और भी विशेष बना दिया।
कार्यक्रम का समापन हेड गर्ल द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। पूरे कार्यक्रम ने विद्यालय की सृजनात्मकता, अनुशासन और उत्कृष्टता की परंपरा को उजागर किया। “वाइब्रेशन्स 3.0” सभी उपस्थित लोगों के लिए एक स्मरणीय और प्रेरणादायक अनुभव सिद्ध हुआ।
